दाना मंडी में धान की धीमी लिफ्टिंग से बोरियों के लगे अंबार, किसान और आढ़ती परेशान

punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 05:00 PM (IST)

हाजीपुर (जोशी): हाजीपुर की दाना मंडी में धान की धीमी लिफ्टिंग के कारण बोरियों के अंबार लग गए हैं, जिससे किसान और आढ़ती बेहद परेशान हैं। हाजीपुर दाना मंडी के अध्यक्ष वरिंदर कुमार बब्बू, आढ़ती परमवीर सिंह ढाडेकटवाल, लखविंदर सिंह टिम्मी और संदीप भडियार ने बताया कि लिफ्टिंग न होने के कारण मंडी का पूरा फड़ माल से भर चुका है। इस वजह से मंडी में नई फसल उतारने के लिए जगह नहीं बची है और अन्नदाता किसान मंडियों में रुलने (भटकने) के लिए मजबूर हैं। 

इस दौरान किसान नेता नंबरदार देस राज दगन, पूर्व सरपंच प्रीतम सिंह, सुखविंदर सिंह सरियाणा, मनमोहन सिंह, शशि पाल सवार, हरदीप सिंह, ठाकुर हरदयाल सिंह, बाबा बख्शीश सिंह और जनक राज गेरा ने पंजाब सरकार से मांग की है कि मंडियों को बंद करने की प्रक्रिया तुरंत रोकी जाए। किसानों का कहना है कि अभी भी काफी धान खेतों में खड़ा है। इसलिए जब तक हर किसान की फसल बिक नहीं जाती, तब तक मंडियां खुली रखी जाएं और लिफ्टिंग के काम में तेजी लाई जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि खराब मौसम के कारण मंडी में पड़ा धान खराब होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित सरकारी विभाग की होगी। दूसरी ओर, जब विभाग के अधिकारियों से बातचीत की गई तो उन्होंने माना कि इस बार धान की बंपर फसल होने के कारण और कुछ मंडियां बंद होने की वजह से लिफ्टिंग में कुछ समस्या आ रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग जल्द ही लिफ्टिंग के ठेकेदार के साथ मिलकर इस मसले का हल निकाल लेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News