Punjab: कंडी क्षेत्र के किसानों की बढ़ी मुश्किलें, 15 नवंबर तक मांगा समय
punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 05:09 PM (IST)
हाजीपुर (जोशी): पंजाब सरकार द्वारा राज्य की दाना मंडियों को धीरे-धीरे बंद किए जाने के कारण कंडी क्षेत्र के किसानों में भारी निराशा और रोष पाया जा रहा है। विशेष रूप से मार्केट कमेटी मुकेरियां के तहत आने वाली हाजीपुर, दातारपुर, पनखूह, धामियां और खुदंपुर की मंडियों के किसान बेहद परेशान हैं। इलाके के किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने अपनी दुख भरी कहानी बयान करते हुए बताया कि इस बार क्षेत्र में धान की बंपर फसल थी, लेकिन आखिरी समय में हुई बेमौसमी बारिश के कारण धान की कटाई में काफी देरी हो गई।
मौसम खुलने के साथ ही मंडियों में किसानों द्वारा लाए गए धान से भीड़ बढ़ गई और एक-एक किसान को अपनी बारी के इंतजार के लिए एक-एक हफ्ता मंडियों में बैठना पड़ा। उन्होंने आगे बताया कि अभी भी बहुत से किसानों की फसल खेतों में ही खड़ी है, लेकिन सरकार ने समय से पहले ही मंडियां बंद करनी शुरू कर दी हैं, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा 24 घंटे के भीतर फसल का भुगतान करने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि फसल बेचे 10 दिन बीत जाने के बावजूद किसानों के खातों में पेमेंट नहीं आई है।
आने वाले दिनों में दिवाली का त्योहार होने के कारण किसानों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने पंजाब सरकार से पुरजोर मांग की है कि कंडी क्षेत्र की स्थितियों को ध्यान में रखते हुए मंडियों को कम से कम 15 नवंबर तक खुला रखा जाए। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जिन किसानों की फसल बिक चुकी है, उनका रुका हुआ भुगतान बिना किसी देरी के तुरंत खातों में जमा करवाया जाए ताकि किसान अपने परिवारों के साथ दिवाली का त्योहार खुशी-खुशी मना सकें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

