कमरे में लहूलुहान हालत में मिला DAV का Student, सीने में थे चाकू के निशान
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 10:09 AM (IST)
जीरकपुर: पटियाला रोड स्थित एक सोसायटी में संदिग्ध परिस्थितियों में लहूलुहान हालत में युवक मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के सीने में चाकू के निशान थे और खून बह रहा था। गंभीर हालत में पहले वी. आई.पी. रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पी.जी.आई. रैफर कर दिया। मंगलवार सुबह मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम बख्शी के रूप में हुई है। वह डी.ए.वी. कॉलेज सैक्टर-10 चंडीगढ़ में बी.बी.ए. की पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस को दिए बयान में सुमन बख्शी ने बताया कि वह घरेलू काम करती है और बेटे के साथ रहती थी। उसके अनुसार, 5 अक्तूबर की रात करीब 8 बजे विक्रम जिम से लौटा और सीधे अपने कमरे में चला गया। रात करीब साढ़े 10 बजे वह बेटे के कमरे में गई तो वह फर्श पर लहूलुहान हालत में पड़ा था। उसके सीने पर चाकू का घाव था और मुंह से खून निकल रहा था। शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया और उनकी मदद से प्राइवेट अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने पी. जी. आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया। मंगलवार सुबह करीब दस बजे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पी. जी. आई. की मोर्चरी में भेज दिया है।
पुलिस करवाएगी पोस्टमार्टम
मां ने पुलिस को दिए बयान में किसी व्यक्ति पर संदेह नहीं जताया और कहा कि विक्रम ने खुद ही सीने में चाकू घोंपा था। उन्होंने घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका से भी इंकार किया है। जांच अधिकारी लाभ सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल, कमरे में मिले सामान और चाकू समेत अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों और घटना की पूरी स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

