पंजाब के गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी, लिखे मिले आपत्तिजनक शब्द
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 04:13 PM (IST)
मानसा: जिले के गांव बीरेवाला जट्टां के एक गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप के कुछ अंगों पर आपत्तिजनक शब्द लिखे मिलने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में रोष फैल गया और संगत ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुद्वारे में सेवा निभा रहे ग्रंथी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप का निरीक्षण किया तो कुछ अंगों पर आपत्तिजनक लिखावट दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने तुरंत गुरुद्वारा कमेटी और गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। गुरुद्वारे के ग्रंथी ने बताया कि यह घटना कई महीने पहले की है। उन्हें करीब दो महीने पहले नियुक्त किया गया था।

गांव के लोगों का कहना है कि इस मामले की जानकारी पहले भी संबंधित अधिकारियों और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी बात को लेकर लोगों में नाराजगी है। गांव के सरपंच और संगत ने मांग की है कि मामले की जल्द जांच पूरी कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
उधर, सूचना मिलते ही थाना जौड़कियां की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

