चुनाव सिर पर; जालंधर West में 2.25 करोड़ का प्रोजेक्ट लटका, उद्घाटन के 8 महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ काम

punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 09:40 AM (IST)

जालंधर (खुराना): पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, लेकिन वैस्ट विधानसभा हलके के एक महत्वपूर्ण विकास प्रोजैक्ट पर अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। शहीद बाबू लाभ सिंह नगर के नजदीक गुलाब देवी अस्पताल रोड और आर्य नगर-मधुबन कॉलोनी क्षेत्र में बनने वाली दो पुलियां आज भी निर्माण का इंतजार कर रही हैं।

हैरानी की बात यह है कि करीब 2.25 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के टेंडर फरवरी-मार्च 2026 में अलॉट हो चुके हैं और 4 अप्रैल को बाकायदा उद्घाटन भी कर दिया गया था, लेकिन आठ-नौ महीने बीत जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।

पंजाब विधानसभा चुनाव सिर पर होने के बावजूद इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का जमीन पर न उतर पाना नगर निगम के कामकाज पर सवाल खड़े कर रहा है। चुनाव से पहले विकास कार्यों को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन वैस्ट हलके की इस प्रमुख जरूरत का अब तक कागजों से बाहर न निकल पाना जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। इससे नगर निगम की छवि भी प्रभावित हो रही है।

गुलाबदेवी अस्पताल रोड पर मौजूदा पुली करीब 20 फीट चौड़ी है, जबकि नई पुली को लगभग 40 फीट चौड़ा बनाया जाना है। इस सड़क पर शहीद बाबू लाभ सिंह नगर, अमर नगर सहित कई रिहायशी कॉलोनियों के लोगों का रोजाना आना-जाना रहता है। इसके अलावा आसपास टाइल्स और सैनेटरी आइटम्स के बड़े गोदाम होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही भी काफी रहती है। तंग पुली के कारण एक समय में दोनों तरफ से वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है और रोजाना लंबा जाम लग जाता है। इसका खामियाजा स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और कारोबारियों के साथ-साथ उनके ग्राहकों को भी भुगतना पड़ रहा है।

इन दोनों पुलियों का डिजाइन एनआईटी से पास करवाया गया था। जनवरी 2025 में मेयर वनीत धीर के पदभार संभालने के बाद अधिकारियों को सर्वे करवाकर निर्माण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। शुरुआत में सिंचाई विभाग की एनओसी के कारण मामला लंबे समय तक लटका रहा। बाद में विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर अलॉट किए गए और 4 अप्रैल को उद्घाटन भी कर दिया गया। इसके बावजूद मौके पर काम शुरू नहीं होना समझ से परे है।

शहीद बाबू लाभ सिंह नगर वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान प्रभुनैनजोत सिंह गोगा पिछले करीब चार पाँच साल से इस पुली को चौड़ा करवाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। वह कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष यह मुद्दा उठा चुके हैं, लेकिन लोगों को अभी तक राहत नहीं मिल सकी।

अब क्षेत्रवासियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब टेंडर अलॉट हो चुके हैं और उद्घाटन भी हो चुका है तो निर्माण कार्य शुरू करने में आखिर इतनी देरी क्यों हो रही है? लोगों को आशंका है कि कहीं विधानसभा चुनाव का कोड ऑफ कंडक्ट लगने तक भी यह प्रोजेक्ट शुरू न हो पाए और इसका लाभ अगली सरकार के कार्यकाल में ही मिल सके। क्षेत्रवासियों की मांग है कि नगर निगम और संबंधित विभाग बिना किसी और देरी के दोनों पुलियों का निर्माण शुरू करवाएं, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिल सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News