DIG पटियाला रेंज के दफ्तर और रिहायश के बाहर मिला लावारिस बैग! मचा हड़कंप

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 03:38 PM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र): डी.आई.जी. पटियाला रेंज कुलदीप चहल के कार्यालय एवं आवास के बाहर लावारिस बैग मिलने की सूचना से आज पुलिस में हड़कंप मच गया। बैग मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनजर बम स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया और आसपास के पूरे क्षेत्र की गहन जांच शुरू की गई।

पुलिस टीमों ने मेटल डिटैक्टर समेत अन्य उपकरणों की मदद से मौके की जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद बैग की जांच की गई तो उसमें से केवल पुराने कपड़े बरामद हुए। पुलिस ने एक घंटे से अधिक समय तक मौके पर चैकिंग जारी रखी। सूचना मिलने के बाद डी.एस.पी. सिटी-1 संजीव सिंगला और थाना लाहौरी गेट के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर सौरव सभरवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डी.एस.पी. संजीव सिंगला ने बताया कि जांच के बाद बैग से कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।

बैग में केवल पुराने कपड़े थे। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक लावारिस बैग पड़ा हुआ है। डी.एस.पी. सिंगला ने लोगों से अपील की कि यदि किसी को भी कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पटियाला पुलिस लोगों की सेवा के लिए 24 घंटे उपलब्ध है।गौरतलब है कि पटियाला में लगातार ई-मेल के जरिए बम धमाकों की धमकियां मिल रही हैं। पहले विभिन्न स्कूलों और बाद में जिला कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इसी कारण पुलिस किसी भी सूचना को हल्के में नहीं ले रही है और हर संदिग्ध वस्तु की पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash