कर्मचारियों के वेतन को लेकर पड़ गया पंगा, पढ़ें क्या है पूरी खबर

punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 12:37 PM (IST)

चंडीगढ़: शहर के सरकारी कॉलेज फॉर गर्ल्स, सेक्टर-42 में कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ को पिछले 2 महीने और कुछ को 3 महीने से वेतन नहीं मिला है, जिससे वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से अपनी ड्यूटी पूरी कर रहे हैं और निर्धारित समय तक काम कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद वेतन में लगातार देरी हो रही है। इससे उनके दैनिक खर्चों पर बुरा असर पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि बच्चों की स्कूल फीस, बिजली-पानी के बिल, मकान का किराया और अन्य जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारियों को घर का खर्च चलाने के लिए उधार तक लेना पड़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने इस मुद्दे को लेकर कई बार कॉलेज प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

राज्यपाल को भेजी लिखित शिकायत
कर्मचारियों ने पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को भी लिखित शिकायत भेजकर बकाया वेतन जल्द जारी करने और समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि जहां प्रशासन समय पर वेतन देने का दावा करता है, वहीं कॉलेज के कर्मचारी महीनों से अपने वेतन का इंतजार कर रहे हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि उनका बकाया वेतन तुरंत जारी किया जाए और भविष्य में वेतन में देरी न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे अपना प्रदर्शन और तेज कर सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News