शादी के डेढ़ साल बाद ही उजड़ा परिवार, पत्नी और ससुर से परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 01:56 PM (IST)

फरीदकोट (राजन) : जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी और ससुर से परेशान होकर खौफनाक कदम उठा लिया। मिली जानकारी के अनुसार, फरीदकोट के गांव अराइयांवाला कलां में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने तथा धमकियां देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव अराइयांवाला कलां निवासी रणजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके 25 वर्षीय पुत्र वरिंदर सिंह का विवाह 24 फरवरी 2025 को जशनप्रीत कौर के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच मनमुटाव पैदा हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी बहू जशनप्रीत कौर, वरिंदर सिंह पर गांव छोड़कर किसी अन्य शहर में अलग रहने का दबाव बनाती थी, जिसके कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

रणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि जब इस मामले को सुलझाने के लिए दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई तो जशनप्रीत कौर के पिता सुखविंदर सिंह ने अपनी बेटी का पक्ष लेते हुए वरिंदर सिंह को धमकियां दीं और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इसके बाद जशनप्रीत कौर अपने मायके चली गई और दोबारा ससुराल नहीं लौटी। शिकायत के अनुसार सामाजिक और पंचायत स्तर पर कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इस दौरान मृतक को कथित तौर पर झूठे दहेज मामले में फंसाने की धमकियां भी दी जाती रहीं, जिससे वह लगातार मानसिक तनाव में रहने लगा।

पारिवारिक विवाद को समाप्त करने के लिए पंचायत द्वारा दोनों पक्षों के बीच आपसी लेन-देन का निपटारा कर अलग होने तथा अदालत में तलाक संबंधी कार्रवाई करने के लिए समझौता करवाया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब इस संबंध में कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों पक्ष जिला अदालत परिसर में एकत्र हुए तो सुखविंदर सिंह ने एक बार फिर वरिंदर सिंह को धमकाया और कहा कि वह उसका पीछा नहीं छोड़ेगा। इसके बाद वरिंदर सिंह और अधिक तनाव में रहने लगा।

शिकायत के मुताबिक 3 जून 2026 की शाम घर में अकेला होने के दौरान वरिंदर सिंह ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि उसने पत्नी और ससुर द्वारा दी जा रही कथित धमकियों तथा मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर यह कदम उठाया। इस मामले में थाना सदर फरीदकोट के सहायक थानेदार गुरबख्श सिंह ने कार्रवाई करते हुए सुखविंदर सिंह और जशनप्रीत कौर के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है तथा उन्हें माननीय अदालत में पेश किया जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News