DM Suicide Case: लालजीत सिंह भुल्लर को कोर्ट ने भेजा रिमांड पर
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 06:56 PM (IST)
पंजाब डेस्क: अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर गगनदीप सिंह रंधावा के सुसाइड मामले में गिरफ्तार किए गए पट्टी से आम आदमी पार्टी के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर को सोमवार को अमृतसर कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने विधायक भुल्लर को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया, ताकि पुलिस इस मामले से जुड़े अहम पहलुओं की गहराई से जांच कर सके।
कोर्ट में पेशी के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब विधायक भुल्लर के समर्थकों ने परिसर में हंगामा किया। कुछ समर्थकों ने कोर्ट के अंदर घुसने की कोशिश भी की, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अभी कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच बाकी है और रिमांड के दौरान पूछताछ में नई जानकारियां सामने आने की संभावना है।
दूसरी ओर, अमृतसर के दुर्गियाना मंदिर स्थित श्मशान घाट में गगनदीप सिंह रंधावा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम यात्रा के दौरान परिवार, रिश्तेदार और दोस्त बेहद भावुक नजर आए। अंतिम संस्कार के समय रंधावा को लाल पगड़ी पहनाई गई, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देते रहे। माहौल पूरी तरह गमगीन रहा और हर किसी की आंखें नम दिखीं।
गौरतलब है कि गगनदीप सिंह रंधावा ने सल्फास निगलकर आत्महत्या कर ली थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और अदालत की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

