डोप टैस्ट के विवादित आदेश पर फिर हो विचार : खैहरा

punjabkesari.in Sunday, Jul 08, 2018 - 02:53 PM (IST)

चंडीगढ़/ भुलत्थ/लुधियाना(शर्मा,रजिन्द्र,सलूजा): पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह को पत्र लिख उस विवादित आदेश पर दोबारा विचार की मांग की है जिसके अनुसार सरकारी कर्मचारियों के लिए डोप टैस्ट जरूरी करने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि विवादित आदेश के बाद मामले के असली पहलू अर्थात नशों की ओवरडोज के चलते युवाओं की मृत्यु के ज्वलंत मुद्दे से ध्यान हटाने का प्रयास हो रहा है। इस आदेश के बाद सरकारी कर्मचारियों की विभिन्न यूनियनों ने राजनीतिक वर्ग के डोप टैस्ट की मांग की है। 

सामाजिक कलंक से बचने के लिए मंत्रियों, विधायकों आदि कई नेताओं ने टैस्ट करवाना भी शुरू कर दिया है। ऐसा होने से बहस का फोकस पुलिस अफसरों के साथ ड्रग माफिया के गहरे संबंधों के असली मुद्दे से हटकर डोप टैस्ट के गैर-जरूरी मुद्दे पर आ गया है।उन्होंने कहा कि डोप टैस्ट करवाना ही है तो पुलिस के उच्चाधिकारियों का होना चाहिए न कि कांस्टेबल स्तर का। ए.एस.आई. से डी.जी.पी. रैंक तक के अफसरों का डोप टैस्ट करवाने के लिए सरकार कह सकती है।

डोप टैस्ट बिना बताए अचानक करवाया जाना चाहिए क्योंकि स्वैच्छिक तरीके से करवाए टैस्ट से सही नतीजा प्राप्त करना पूरी तरह से असंभव है। लगभग 3 लाख सरकारी कर्मचारियों का डोप टैस्ट करवाने का क्या तुक बनता है जिनमें महिला कर्मी भी शामिल हैं। इससे सरकारी खजाने पर भी सालाना 17-18 करोड़ का फालतू बोझ पड़ेगा। इस बीच सुखपाल सिंह खैहरा और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व विधायक एच.एस. फूलका जो पेशे से सीनियर एडवोकेट भी है, ने आज  अपना-अपना डोप टैस्ट करवाया। भुलत्थ सब डिवीजन अस्पताल के सीनियर मैडीकल अफसर डा. तरसेम सिंह ने सुखपाल सिंह खैहरा का डोप टैस्ट क्लीयर होने की पुष्टि की। वहीं लुधियाना के स्थानीय सिविल अस्पताल में फुलका ने अपना डोप टैस्ट करवाया जिसकी रिपोर्ट नैगेटिव आई है। इस रिपोर्ट पर विधायक फूलका ने कहा कि उन्होंने आज तक न तो शराब का कभी सेवन किया है और न ही अन्य कोई नशा लिया है। 

कैप्टन विदेश में बैठे 3 प्रमुख ड्रग तस्करों का नाम सार्वजनिक करें : अमन अरोड़ा
 आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता व सुनाम से विधायक अमन अरोड़ा ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह से मांग की है कि वह उन 3 प्रमुख ड्रग तस्करों के नाम सार्वजनिक करें जो उनकी जानकारी के अनुसार विदेश भाग गए हैं। अरोड़ा के अनुसार गत सप्ताह पार्टी नेेताओं के शिष्टमंडल ने नशे की ओवरडोज के कारण पिछले एक माह से हो रही नौजवानों की मौत के मामले को लेकर मुख्यमंत्री से भेंट की थी।

अरोड़ा के अनुसार इस बैठक के दौरान कै. अमरेंद्र सिंह द्वारा यह जानकारी दी गई थी कि वह राज्य में ड्रग माफिया को पनपने के लिए जिम्मेदार 3 प्रमुख ड्रग तस्करों को पहचान चुके हैं लेकिन वे तीनों विदेश भाग गए हैं। अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री को उन तीनों ड्रग तस्करों के नाम सार्वजनिक करने चाहिएं क्योंकि सिर्फ यह कहकर कि राज्य के युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले तस्कर विदेश भाग गए हैं, मुख्यमंत्री जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Recommended News

Related News