पाकिस्तान में तस्करों के साथ सीधे संपर्क हुए बेनकाब, करोड़ों की हेरोइन सहित आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 22, 2024 - 08:06 PM (IST)

अमृतसर : पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के दौरान कमिश्नरेट पुलिस द्वारा एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोहेल निवासी लोहगढ़ गेट के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा जांच दौरान उससे 2 किलो 500 ग्राम हैरोइन बरामद हुई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डी.सी.पी. इन्वेस्टिगेशन हरप्रीत सिंह मंडेर और ए.डी.सी.पी. सिटी 2 अभिमन्यु राणा के नेतृत्व में थाना छहर्टा प्रभारी इंस्पैक्टर रॉबिन हंस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है।

वर्णनयोग्य है कि आरोपी सोहेल के पाकिस्तान स्थित अन्य विदेशी ड्रग तस्करों के साथ सीधे संपर्क सामने आए हैं। आरोपी सोहेल पहले अंडों की रेहड़ी लगाता था और पिछले दो महीने से नशीले गोरख धंधे के नैटवर्क से जुड़ा था। इस नैटवर्क से जुड़े कई अन्य संपर्क उजागर होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि आरोपी के आगे और पीछे के लिंक खंगाले जा रहे हैं। अदालत से पेश कर मिले रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी। इस संबंध में थाना छहर्टा में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News