नशा तस्करों के खिलाफ जनता का हल्लाबोल! आधी रात ट्रैप लगाकर 2 आरोपियों को पकड़ा
punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 10:53 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के आत्मनगर हलके के अधीन आते इलाके मनोहर नगर में खुलेआम बिक रहे 'चिट्टे' (सिंथेटिक ड्रग्स) और नशेड़ियों के आतंक से तंग आ चुके स्थानीय निवासियों का सब्र आखिरकार मंगलवार आधी रात को जवाब दे गया। पुलिस की सुस्त कार्रवाई से निराश मोहल्लेवासियों ने खुद मोर्चा संभालते हुए सुनियोजित ट्रैप लगाया और इलाके में नशा सप्लाई करने पहुंचे दो कारिंदों को रंगे हाथ धर दबोचा। गुस्साई भीड़ ने पहले दोनों आरोपियों की जमकर छित्तर परेड की और फिर तुरंत पुलिस को मौके पर बुलाकर उनके हवाले कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने दो टूक चेतावनी दी है कि अब इलाके में जो भी नशा बेचने या खरीदने की जुर्रत करेगा, जनता खुद उसका यही हश्र करेगी।
महिलाओं और युवाओं ने बनाई निगरानी टीम, मंगलवार रात 12 बजे बिछाया जाल
मोहल्ला निवासी राजेश खोकर व अन्य नागरिकों ने बताया कि मनोहर नगर की गली नंबर 1 और आसपास के क्षेत्रों में बीते काफी समय से 24 घंटे खुलेआम चिट्टा बेचा जा रहा था। तस्कर कभी किराए के मकानों से, तो कभी सार्वजनिक पार्कों और संकरी गलियों में खड़े होकर नशे की पुड़ियां बेचते थे। जब पुलिस स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थानीय लोगों ने तस्करों को रंगे हाथ दबोचने की योजना बनाई। इसके लिए मोहल्ले के युवाओं और महिलाओं की एक निगरानी टीम गठित की गई, जो देर रात तक इलाके में आने-जाने वाले संदिग्धों और सप्लायरों पर नजर रख रही थी। मंगलवार रात करीब 12 बजे जैसे ही दो कारिंदे ग्राहकों को चिट्टे की खेप देने पहुंचे, घात लगाकर बैठे मोहल्ले वालों ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
धार्मिक स्थलों व पार्कों में खुलेआम इंजेक्शन, सैर करने से कतरा रहीं महिलाएं
इलाका निवासियों के मुताबिक, मनोहर नगर में नशा खरीदने के लिए दूर-दराज के इलाकों से नशेड़ियों का तांता लगा रहता है।हालात इस कदर बदतर हो चुके हैं कि नशेड़ी मोहल्ले के मुख्य पार्क और बाहर स्थित धार्मिक स्थल के समीप सरेआम नशीले इंजेक्शन लगाते नजर आते हैं। पार्क में हर समय सिरिंजें और नशेड़ियों का जमावड़ा रहने के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने पार्कों में जाना और सैर करना पूरी तरह बंद कर दिया है। लोगों का कहना है कि इसी नशे की दलदल में फंसकर इलाके के कई होनहार युवा अपनी जान तक गंवा चुके हैं।
चोरी, लूटपाट और विरोध करने पर कृपाण से जानलेवा हमला
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नशे की दैनिक खुराक पूरी करने के लिए नशेड़ी इलाके में आए दिन घरों में चोरियां और राहगीरों से मोबाइल व नकदी छीनने जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।यदि कोई मोहल्ला निवासी इनका विरोध करता है या उन्हें टोकता है, तो तस्कर अपने गुर्गों के साथ मिलकर जानलेवा हमला करने पर उतारू हो जाते हैं। कुछ ही दिन पहले जब एक व्यक्ति ने गली में नशा बेचने का विरोध किया था, तो तस्करों ने कृपाण व तेजधार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस कमिश्नर को पत्र: 'या तो नशा बंद करवाएं, नहीं तो हम बेच देंगे अपने घर'
मनोहर नगर निवासियों ने पूरे मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर लुधियाना को एक विस्तृत शिकायती पत्र सौंपा है। पत्र में लोगों ने अपनी बेबसी और पीड़ा जाहिर करते हुए लिखा है कि वे नशा तस्करों के आतंक और असुरक्षित माहौल से इस कदर आजिज आ चुके हैं कि अब उनके पास अपने मकान बेचकर लुधियाना और पंजाब राज्य छोड़कर किसी अन्य राज्य में पलायन करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा है। लोगों ने कमिश्नरेट पुलिस के आला अधिकारियों से मांग की है कि इलाके में पुलिस की परमानेंट पीसीआर गश्त लगाई जाए और इस पूरे नेक्सस की जड़ तक पहुंचकर मुख्य नशा तस्करों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा जाए।

