भवानीगढ़ में बुजुर्ग की बेरहमी से ह/त्या, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 02:21 PM (IST)

भवानीगढ़ (कांसल): स्थानीय शहर से गुजर रहे बठिंडा-जीरकपुर नेशनल हाईवे पर पटियाला रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पीछे खाली प्लॉट में नए लग रहे ट्यूबवेल के सामान की रखवाली कर रहे 78 वर्षीय बुजुर्ग चौकीदार की देर रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बेरहमी से हत्या किए जाने का समाचार प्राप्त हुआ है। इस घटना संबंधी जानकारी देते हुए मृतक राम जी पुत्र मेहर सिंह निवासी बालद कलां के भतीजे प्रगट सिंह पुत्र सुरजीत सिंह ने बताया कि उनके चाचा राम जी, जो कि भवानीगढ़ में पटियाला रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पेस्टीसाइड की दुकान के पीछे खाली प्लॉट में नए लग रहे ट्यूबवेल के सामान की रखवाली के लिए चौकीदार के रूप में तैनात थे। 

उन्होंने बताया कि बीती रात जब उनके चाचा उक्त स्थान पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे, तब कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया और उनकी लाश को चारपाई के साथ बांधकर मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि आज सुबह जब ट्यूबवेल लगाने वाली मशीन पर काम करने वाले व्यक्ति काम के लिए प्लॉट में पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि राम जी की लाश चारपाई पर पड़ी हुई थी। इसकी सूचना उन्होंने परिवार को दी और परिवार ने स्थानीय पुलिस को जानकारी दी। मौके पर सहायक सब-इंस्पेक्टर सतवंत सिंह की अगुवाई में पहुंची पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

इस संबंध में सहायक सब-इंस्पेक्टर सतवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पुत्र सुखविंदर सिंह के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News