चुनावी गुंडागर्दी: बरनाला के पोलिंग बूथ पर चले पत्थर, लहूलुहान हुए भाजपा नेता

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 01:41 PM (IST)

बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवी) : स्थानीय नगर निगम के वार्ड नंबर 15 के चुनाव के दौरान उस वक्त माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया, जब सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के समर्थक आपस में बुरी तरह भिड़ गए। आईटीआई (लड़के) में बनाए गए पोलिंग बूथ पर हुई इस हिंसक झड़प के दौरान भाजपा उम्मीदवार बीबी दीपइंदर कौर के पति जसवीर सिंह गक्खी पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे भाजपा के जिला अध्यक्ष यादविंदर शंटी और वरिष्ठ नेता कैप्टन गुरजिंदर सिंह सिद्धू ने सत्तारूढ़ दल पर सीधे निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि 'आप' की ओर से चुनाव जीतने के लिए खुलेआम धक्केशाही और गुंडागर्दी का सहारा लिया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि बूथ पर बाहरी जिलों व इलाकों से गैरकानूनी तरीके से लोगों को लाकर फर्जी वोटें डलवाई जा रही थीं। जब जसवीर सिंह गक्खी ने इस बोगस वोटिंग का विरोध किया तो बाहर से आए गुंडा तत्वों ने उनके सिर पर ईंट मारकर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

भाजपा नेतृत्व ने पुलिस प्रशासन और जिला निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि लोकतंत्र का गला घोंटने और हिंसा फैलाने वाले दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस हंगामे के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News