ASI जसवंत सिंह को गोली मारने वाला बदमाश पुलिस Encounter में ढेर
punjabkesari.in Saturday, Sep 26, 2026 - 09:50 AM (IST)
चेतनपुरा: थाना झंडेर के अंतर्गत आने वाले गांव कंदोवाली के पास कुछ दिन पहले एएसआई जसवंत सिंह पर गोली चलाने वाले कथित बदमाश करणबीर सिंह उर्फ कर्मवीर सिंह का पुलिस द्वारा एनकाउंटर किए जाने की खबर सामने आई है। पुलिस के अनुसार, उक्त आरोपी बीते दिन पुलिस हिरासत से फरार हो गया था और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को आरोपी के कंदोवाली के पास मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू करने के लिए घेराबंदी कर ली। पुलिस के मुताबिक, जब टीम ने आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी, जिससे एक पुलिस कर्मचारी घायल हो गया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत होने की सूचना है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और मामले की जांच की जा रही है।
एएसआई जसवंत सिंह पर किया था फायर
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले एएसआई जसवंत सिंह अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी कथित तौर पर उक्त बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। गोली उनके सिर में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस द्वारा अब कंदोवाली के पास हुई मुठभेड़ के संबंध में अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।

