लोकसभा में आज AAP की Entry, सुशील कुमार रिंकू लेंगे शपथ
punjabkesari.in Thursday, Jul 20, 2023 - 08:17 AM (IST)

जालंधर: लोकसभा में आम आदमी पार्टी के सांसद सुशील कुमार रिंकू 20 जुलाई को लोकसभा में शपथ लेंगे। उन्हें लोकसभा के स्पीकर द्वारा सांसद के तौर पर शपथ दिलाई जाएगी।
जालंधर लोकसभा सीट के उप-चुनाव में आम आदमी पार्टी की तरफ से चुनावी मैदान में उतरे सुशील रिंकू ने कांग्रेस तथा भाजपा व अकाली-बसपा गठबंधन के उम्मीदवारों को शिकस्त दी थी। उप-चुनाव के बाद लोकसभा का सत्र पहली बार होने जा रहा है। उप-चुनाव तथा लोकसभा सत्र के बीच में लगभग 2 महीने का अंतर होने के कारण सुशील रिंकू औपचारिक तौर पर संसद सदस्य की शपथ नहीं ले पाए थे। इसके बावजूद उन्होंने उप-चुनाव जीतने के तुरन्त बाद जनता के कार्य करवाने शुरू कर दिए थे और बतौर संसद मैंबर सरकारी बैठकों में भी सम्मिलित होते रहे।
सांसद रिंकू द्वारा संसद सदस्य की शपथ लेने से पहले ही जन सेवा के काम शुरू करवाने की प्रशंसा मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी की थी। मुख्यमंत्री ने भी सार्वजनिक सभा में कहा था कि आम आदमी पार्टी ही वास्तव में जनता की सच्ची हितैषी है जिसके निर्वाचित हुए सांसद सुशील रिंकू ने समय से पूर्व ही जनता के प्रति अपने कर्त्तव्यों का निवर्हन शुरू कर दिया। रिंकू ने कहा कि जनता के प्रति जन प्रतिनिधियों को पहले दिन से ही मैदान में आ जाना चाहिए। कुछ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तो निर्वाचित होने के बाद पहले 6 महीने के लिए हनीमून पीरियड पर चले जाते हैं और उसके बाद उन्हें निद्रा से जनता को ही जगाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वह उस परिवार से संबंध रखते हैं जो हमेशा जनता के बीच में रहता है। उनके पिता स्व. राम लाल भी सदैव जनता के बीच में रहते थे जिस कारण जनता का प्यार परिवार के साथ तब से लेकर अब तक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि एक सांसद के लिए तो परीक्षा की घड़ी रोजाना होती है। उसे रोज जनता से रू-ब-रू होना पड़ता है और लोगों की शिकायतों को सुन कर उनका निवारण करवाना होता है। जनता की संतुष्टि कितनी होती है उतने ही अंक एक सांसद को प्राप्त होते हैं। उन्होंने कहा कि कल लोकसभा सांसद के तौर पर शपथ लेने के बाद उनकी जिम्मेदारियां और उत्तरदायित्व और बढ़ जाएगा।
लोकसभा में ''आप’ की आज होगी एंट्री
आम आदमी पार्टी की कल लोकसभा में भी एंट्री हो जाएगी। सुशील कुमार रिंकू के शपथ लेते ही लोकसभा में आम आदमी पार्टी का एक सांसद हो जाएगा। राज्यसभा में तो आम आदमी पार्टी के कई सांसद हैं। भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा में कोई भी सांसद ''आप’ का नहीं रह गया था। पिछले लोकसभा चुनाव में दिल्ली से आम आदमी पार्टी का कोई भी सांसद निर्वाचित नहीं हो सका था। वहां पर सभी सातों सीटों पर भाजपा की जीत हो गई थी। अब जालंधर उप-चुनाव जीतने के बाद लोकसभा में ''आप’ का इकलौते सांसद के रूप में सुशील रिंकू को अपनी भूमिका निभानी होगी।