सावधान! फैक्ट्री मालिक जालसाजी का शिकार, एक लिंक ने उड़ाई मेहनत की कमाई
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 01:21 PM (IST)
लुधियाना (राज): साइबर ठगों ने अब शहर के व्यापारियों को अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला हैबोवाल इलाके का है जहां एक फैक्ट्री मालिक अनिल कुमार शातिर साइबर अपराधियों की जालसाजी का शिकार हो गए। ठगों ने बड़ी ही सफाई से एक फर्जी लिंक के जरिए अनिल कुमार का मोबाइल हैक किया और उनके 2 अलग-अलग बैंकों के क्रैडिट कार्डों से करीब 4 लाख रुपए की मोटी रकम पर हाथ साफ कर दिया। इस हाईटैक ठगी के बाद पीड़ित ने थाना साइबर क्राइम की पुलिस को शिकायत दी है।
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार के पास आर.एल.बी. बैंक और आई.सी.आई.सी. बैंक के क्रैडिट कार्ड थे। बीते 28 मार्च को उन्हें आर.एल.बी. बैंक के नाम से एक संदिग्ध लिंक प्राप्त हुआ। अनिल ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल फोन बैकग्राउंड में हैक हो गया जिसका उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं हुआ।
असली खेल 30 मार्च को शुरू हुआ जब अचानक उनके आर.एल.बी. बैंक के क्रैडिट कार्ड से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। अभी वह कुछ समझ पाते कि तभी उनके दूसरे आई.सी.आई.सी. बैंक के क्रैडिट कार्ड से भी धड़ाधड़ ट्रांजैक्शन शुरू हो गई। जैसे ही अनिल कुमार को लूट का अहसास हुआ, वह बिना समय गंवाए बैंक पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों क्रैडिट कार्ड ब्लॉक करवाए। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और साइबर लुटेरे उनके खातों से 4 लाख रुपए उड़ा चुके थे।
पीड़ित ने इस संबंध में थाना साइबर क्राइम पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है ताकि इन शातिर ठगों के नैटवर्क तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने जनता को एक बार फिर सतर्क करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करना आपकी मेहनत की कमाई को खतरे में डाल सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

