वर्कशॉप पर मरम्मत के लिए आए ट्रक का  FASTag ने खोला राज, जालसाजी का बड़ा खुलासा

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 10:48 AM (IST)

लुधियाना (राज): ट्रांसपोर्ट नगर से विश्वासघात और जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक वर्कशॉप मालिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर मरम्मत के लिए आए ग्राहक के ट्रक को न केवल गायब कर दिया, बल्कि उस पर जाली नंबर प्लेट लगाकर उसे सड़कों पर दौड़ाना शुरू कर दिया। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब मालिक के मोबाइल पर टोल कटने का मैसेज आया। अमित कुमार की शिकायत पर थाना मोती नगर की पुलिस ने मनिंदर सिंह उर्फ डिम्पी, उमाकांत शुक्ला और जसवीर के खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने ट्रक का दुरुपयोग किया है। फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी और ट्रक की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही हैं।

शिकायतकर्ता अमित ने पुलिस को बताया कि उसने एक सेकंड हैंड ट्रक (नंबर PB10JA-4813) खरीदा था। 10 मई 2025 को उसने अपना यह ट्रक ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मनिंदर सिंह उर्फ डिम्पी की वर्कशॉप पर मरम्मत के लिए खड़ा किया था। कुछ दिनों बाद जब पीड़ित अपना ट्रक लेने पहुंचा, तो वर्कशॉप से ट्रक गायब था। पूछने पर आरोपी डिम्पी टाल-मटोल करने लगा और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। महीनों तक ट्रक का पता नहीं चला, लेकिन 20 सितंबर 2025 को अचानक पीड़ित के मोबाइल पर 235 रुपये का FASTag मैसेज आया। यह मैसेज फिरोजपुर रोड पर स्थित चौकीमान (जगराओं) टोल प्लाजा क्रॉस करने का था। पीड़ित हैरान रह गया कि उसका ट्रक आखिर वहां कैसे पहुंचा।

जब मामले की गहराई से जांच की गई, तो पता चला कि आरोपी मनिंदर सिंह उर्फ डिम्पी ने अपने साथी उमाकांत शुक्ला और जसवीर के साथ मिलकर साजिश रची थी। इन लोगों ने ट्रक को चोरी कर उस पर जाली नंबर (PB10JF-2781) लगा दिया था और बेखौफ होकर इसका इस्तेमाल कर रहे थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News