Punjab: कांग्रेस ब्लॉक प्रधान हत्याकांड को लेकर पुलिस का सनसनीखेज खुलासा

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 12:34 PM (IST)

लुधियान (राज): माछीवाड़ा के गांव तखरां में कांग्रेस के ब्लॉक प्रधान परमिंदर तिवारी की बेरहमी से की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। ए.डी.सी.पी.-4 जश्नदीप सिंह गिल ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए बताया कि यह कोई रैंडम हमला नहीं, बल्कि पुरानी खुन्नस और प्रॉपर्टी विवाद का खौफनाक अंजाम था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश के पीछे खोखरा निवासी विजय कुमार का हाथ है, जिसने पंचायत की जमीन को लेकर हुई कार्रवाई का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।

ए.डी.सी.पी. जश्नदीप सिंह गिल के अनुसार, आरोपी विजय कुमार की एक प्रॉपर्टी जो कि पंचायत की जमीन पर थी। उसे परमिंदर तिवारी और स्थानीय सरपंच ने मिलकर डिमोलिश करवाया था। अपनी जगह टूटने से तिलमिलाया विजय कुमार तिवारी से गहरी रंजिश रखने लगा था। इसी खुन्नस की आग में जल रहे विजय ने तिवारी को रास्ते से हटाने का मन बना लिया और रविवार शाम को इस खूनी खेल को अंजाम दे डाला।

वारदात उस वक्त हुई जब रविवार शाम करीब साढ़े 6 बजे परमिंदर तिवारी गांव तखरां के बस स्टैंड स्थित अपने क्वार्टरों के बाहर कुर्सी पर बैठे हुए थे। तभी दो हमलावर दबे पांव पीछे से आए और तिवारी के सिर पर कुल्हाड़ी से एक के बाद एक तीन घातक वार किए। हमला इतना जोरदार था कि तिवारी का सिर फट गया और उनके दिमाग की नसें तक बाहर निकल आईं। 

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खून से सनी कुल्हाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। जब तिवारी का बेटा मौके पर पहुंचा, तो उसके पिता जमीन पर खून से लथपथ पड़े तड़प रहे थे। उन्हें तुरंत माछीवाड़ा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लुधियाना के फोर्टिस अस्पताल ले गए, लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News