6 दिन में 14 वारदातों को अंजाम... पुलिस के हत्थे चढ़े खूंखार गिरोह के 4 सदस्य, होंगे बड़े खुलासे
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 07:20 PM (IST)
बरनाला (विवेक सिंधवानी/रवि) : बरनाला पुलिस ने शहर में दहशत और खौफ का माहौल बनाने वाले एक बेहद खूंखार और शातिर लुटेरे गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके 4 सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। यह गिरोह निहंग बाना पहनकर और तेजधार हथियार लेकर राहगीरों को घेरता था और उनसे नकदी, मोबाइल फोन तथा मोटरसाइकिल छीनता था। 8 मई से 13 मई के बीच केवल 6 दिनों में इस गिरोह ने बरनाला शहर में करीब 14 वारदातों को अंजाम दिया था जिससे पूरे शहर में सहम और दहशत का माहौल पैदा हो गया था।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी
पकड़े गए चारों आरोपियों की पहचान हर्षदीप सिंह उर्फ काका, प्रदीप सिंह उर्फ चपली, साहिल और रोहित शर्मा के रूप में हुई है। यह सभी चारों बरनाला शहर के ही रहने वाले हैं और लूटपाट करना ही इनका मुख्य पेशा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह काफी समय से शहर में सक्रिय था और अपनी वारदातों को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम देता था।
निहंग बाने में छुपा था खूंखार चेहरा
इस गिरोह का मुख्य सरगना हर्षदीप सिंह उर्फ काका सबसे ज्यादा चालाक और खतरनाक था। वह लोगों के बीच खौफ पैदा करने और गुंडागर्दी करने के लिए निहंग बाना पहनता था और पारंपरिक शस्त्र साथ रखता था। निहंग का पहनावा देखकर लोग उससे डर जाते थे और विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते थे। डीएसपी सतवीर सिंह ने बताया कि हर्षदीप का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर एक FIR पहले से दर्ज है। वह बरनाला में वारदातें करने के बाद पुलिस से बचने के लिए दूर-दराज के गुरुद्वारा साहिब में जाकर छिप जाता था और कुछ समय बाद वापस लौटकर फिर से वारदातों को अंजाम देने लगता था। यह तरीका उसने जानबूझकर अपनाया था ताकि पुलिस उसे पकड़ न सके।
युवक की कलाई काटी
इस गिरोह की सबसे दिल दहला देने वाली वारदात कचहरी चौक के पास हुई जब इन आरोपियों ने प्रिंस सिंह नाम के एक युवक को घेरा और उस पर तेजधार हथियार से इतना खतरनाक हमला किया कि उसकी कलाई कट गई। इस घटना ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। घायल प्रिंस सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वह इस समय एम्स बठिंडा में उपचाराधीन है। इस मामले में थाना सिटी-2 बरनाला में FIR नंबर 227 दर्ज की गई है।
एमसी नरेंद्र गर्ग नीटा पर भी किया था हमला
इस गिरोह की बेखौफी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इन्होंने राम बाग रोड पर स्थानीय एमसी नरेंद्र गर्ग नीटा पर भी हमला करके उनका पर्स छीन लिया था। किसी जनप्रतिनिधि पर इस तरह का खुलेआम हमला करना इस गिरोह की बेलगाम हिम्मत और गुंडागर्दी को दर्शाता है। इस मामले में थाना सिटी बरनाला में केस दर्ज किया गया था।
विशेष टीम ने की कार्रवाई
शहर में लगातार बढ़ रही इन हिंसक वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत विशेष टीमों का गठन किया। थाना सिटी-2 बरनाला के एसएचओ एसआई शरीफ खान और एएसआई राजीव कुमार की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गिरोह के चारों सदस्यों को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से छीने गए कुछ मोबाइल फोन, नकदी और वारदातों में इस्तेमाल की गई चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा, 2 दिन का रिमांड
सभी चारों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया जहां से 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। युवक का हाथ काटने वाले मामले में आरोपियों के खिलाफ इरादा-ए-कतल यानी अटेंप्ट टू मर्डर और स्नेचिंग की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं जबकि एमसी पर हुए हमले के मामले में स्नेचिंग और असॉल्ट की धाराएं दर्ज हैं।
अभी और खुलासे होने की उम्मीद
डीएसपी सतवीर सिंह ने बताया कि पुलिस अब बाकी सभी 14 वारदातों के पीड़ितों से संपर्क कर रही है ताकि अन्य मामलों में भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने बरनाला से बाहर भी कोई वारदात की है या नहीं और क्या इस गिरोह में कोई और साथी भी शामिल हैं। रिमांड के दौरान कई और बड़े खुलासे और बरामदगी होने की पूरी उम्मीद है। बरनाला पुलिस की इस कार्रवाई से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

