लुधियाना में फर्जी CBSE School! कहीं आपके बच्चों के साथ तो नहीं हुआ धोखा, पुलिस जांच जारी
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 10:51 AM (IST)
लुधियाना : लुधियाना में एक निजी स्कूल प्रबंधन पर खुद को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से मान्यता प्राप्त बताकर अभिभावकों से कथित रूप से ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच की और डाबा थाना पुलिस ने गुरुवार को स्कूल के डायरेक्टर दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह शिकायत 1 जून 2026 को महाराज नगर, गली नंबर-1 निवासी गुरबख्श सिंह ने दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्लोबल स्पार्क्स कॉन्वेंट इंटरनेशनल स्कूल, एमजेके नगर, बापू मार्केट, लोहारा के संचालकों ने खुद को सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूल बताते हुए अभिभावकों को गुमराह किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने फर्जी दावों के आधार पर बच्चों के दाखिले किए और भोले-भाले अभिभावकों से फीस वसूली। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी स्कूल की मान्यता को लेकर भ्रामक प्रचार किया गया, जिससे कई परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंची।
मामले की प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने स्कूल से जुड़े दो लोगों को नामजद किया है। आरोपियों की पहचान सुरिंदर सिंगला और उनकी पत्नी अनीता सिंगला के रूप में हुई है, जो कैनाल व्यू एन्क्लेव, गांव बुलारा, थाना सदर, लुधियाना के निवासी बताए जा रहे हैं। डाबा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 61(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि स्कूल के पास वास्तव में सीबीएसई की वैध मान्यता थी या नहीं और अब तक कितने अभिभावकों को कथित रूप से ठगी का शिकार बनाया गया। जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं और यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

