लोन चुकाए बिना फर्जी तरीके से इपोथिकेशन कटवाकर बेच डाली क्रेटा, FIR दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 01:54 PM (IST)

लुधियाना (राज): बैंक से फाइनांस करवाई गई गाड़ी का लोन चुकाए बिना और बैंक से बिना वैध एनओसी (NOC) लिए फर्जी तरीके से हाइपोथिकेशन कटवाकर आगे बेचने का धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने आरोपी बेटे हरप्रीत सिंह के खिलाफ बैंक और खरीदार के साथ जालसाजी व धोखाधड़ी करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी गई शिकायत में राहुल कुमार ने बताया कि सुरजीत सिंह नामक व्यक्ति ने 14 सितंबर 2015 को अपनी हुंडई क्रेटा कार (नंबर: PB-10-FK-7400) पर आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक (नेहरू सिद्धांत केंद्र ट्रस्ट शाखा, से ₹9,66,000 का कार लोन हासिल किया था। जांच में सामने आया कि लोन की अदायगी पूरी होने से पहले ही मूल आवेदक सुरजीत सिंह की मौत हो गई। इसके बाद उनके बेटे हरप्रीत सिंह ने बैंक का बकाया लोन क्लीयर करने के बजाय धोखाधड़ी की साजिश रची। आरोपी ने बैंक का पूरा लोन चुकाए बिना और बैंक से कोई वैध एनओसी (NOC) लिए बिना ही फर्जी व गैर-कानूनी तरीके से आरसी (RC) से गाड़ी की हाइपोथिकेशन कटवा ली। इसके बाद आरोपी हरप्रीत सिंह ने इस क्रेटा कार को दिलीप कुमार नामक व्यक्ति को आगे बेच दिया और पूरी रकम हड़प ली। पुलिस का कहना है कि दर्ज एफआईआर के आधार पर अगली तफ्तीश शुरू कर दी गई है और मामले में संलिप्त अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash