अब किसान छेड़ेंगे रेल रोको अभियान, पंजाब में उद्योगों को उठाना पड़ सकता है नुकसान

punjabkesari.in Friday, Dec 17, 2021 - 03:33 PM (IST)

जालंधर(विशेष): दिल्ली बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ जंग जीत कर पंजाब वापस लौटे किसानों के हौंसले एक बार फिर से बुलंद हैं। इस बार किसान सीधे राज्य में कांग्रेस सरकार से टकराने के मूड में नजर आ रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन बीकेयू (उगराहां) ने पंजाब सरकार को जहां टोल प्लाजा पर बढ़ाई गई दरों को तुरंत वापिस लेने की मांग की है वहीं अब राज्य स्तरीय मांगों को पूरा करवाने के लिए आंदालन की भी चेतावनी दी है। बीकेयू उगराहां के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां ने ऐलान किया है कि जब तक बढ़ोतरी वापस नहीं ली जाती तब तक टोल प्लाजा पर धरने जारी रहेंगे। उधर, तीन कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन में अपनी जीत के बाद दिल्ली से लौटे किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (के.एम.एस.सी.) के सदस्यों ने 20 दिसंबर से राज्यव्यापी रेल रोको आंदोलन की घोषणा की है। इससे पंजाब के उद्योगों को फिर से एक बार करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। जानकारों का कहना है कि इस सारे घटनाक्रम के बाद अब पंजाब सरकार को राज्य में फिर से आंदोलन का सामना करना पड़ सकता है।

यह भी पढ़ें : 

PPCC नवजोत सिद्धू ने उम्मीदवारों के लिए जारी किए फार्म

कहां और क्यों की गई है बढ़ोतरी
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो किसानों ने अब हर टोल साइट पर टोल दरों में 5 रुपये से 15 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा यह भी बताया जा रहा है कि लुधियाना-जालंधर रोड पर लाडोवाल टोल प्लाजा पर कारों के लिए एक तरफ की दरों में 130 रुपये से 135 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे किसान खासे नाराज हैं। लाडोवाल टोल प्लाजा से पूरे राज्य में सबसे ज्यादा राजस्व मिलता है। सूत्रों ने कहा कि धरने से पहले इसका दैनिक संग्रह लगभग 75 लाख रुपये हुआ करता था।  

हालांकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी आर.पी. सिंह ने कहा कि कुल 30 में से केवल पांच टोल प्लाजा शुरू किए गए हैं। इन पांच प्लाजा में से चार पहली बार नए शुरू किए जा रहे हैं। 21 प्लाजों पर टोल में पांच से छह फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। यह सालाना बढ़ोतरी है। पांच टोल प्लाजों पर वृद्धि नई एलिवेटेड संरचना और राजमार्ग वर्गों के पूरा होने और जोड़ने के कारण हुई थी। इन पांच में से एक बेहराम टोल प्लाजा है। खरड़ फ्लाईओवर हाल ही में बनकर तैयार हुआ था इसलिए लुधियाना-चंडीगढ़ रोड पर दो प्लाजों के रेट बढ़ा दिए गए हैं। 20 किलोमीटर के बिधिपुर ढिलवां खंड को शामिल करने के कारण जालंधर-अमृतसर पर दो प्लाजा की दरों में वृद्धि की गई।

यह भी पढ़ें : हिंदू श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर, पाकिस्तान सरकार ने लिया यह फैसला

किसान संगठनों ने कहां हटाए धरने
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक धरने रिलायंस पेट्रोल पंप, बेस्ट प्राइस मॉल, 10 भाजपा नेताओं के घरों के बाहर, मोगा में अदानी साइलो, राजपुरा में एक थर्मल प्लांट के बाहर, किला रायपुर में ड्राई पोर्ट और 30 से अधिक रेलवे पार्किंग स्थलों से हटा दिए गए हैं।  

100 फीसदी कर्जमाफी चाहते हैं किसान
किसान मजदूर संघर्ष समिति (के.एम.एस.सी.) के महासचिव सरवन सिंह पंढेर ने कहा है कि किसानों की कई अन्य मांगें थीं जो महत्वपूर्ण थीं। पंढेर ने कहा कि हम किसानों और मजदूरों की सौ प्रतिशत ऋण माफी, मुआवजा के साथ कृषि संघर्ष के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों को नौकरी और साथ ही गन्ने के बकाया का भुगतान चाहते हैं। इन मांगों को लेकर हम 20 दिसंबर से रेल रोको शुरू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी के.एम.एस.सी. अकेले ही पूरे राज्य में आंदोलन शुरू करेगी और अगली घोषणा तक रेल रोको जारी रहेगा। पंढेर ने दावा किया कि बड़ी संख्या में किसान महिलाओं ने रेल रोको कार्यक्रम में अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वे पंजाब से आंदोलन शुरू करेंगे जो आगे दूसरे राज्यों में भी फैल सकता है। एक स्थानीय किसान ने कहा कि उन्हें कड़ाके की ठंड में रेल की पटरियों पर बैठने का शौक नहीं है, लेकिन सरकार ऐसे कदम उठाने के लिए मजबूर करती है।

यह भी पढ़ें : चन्नी की सरकार में सिद्धू की चली, हटाए गए डीजीपी सहोता

किन टोल प्लाजा पर मौजूद हैं किसानों के धरने
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक किसान संगठनों ने राज्य भर के विभिन्न स्थानों से पक्के धरने हटा लिए हैं। किसान संगठनों ने लगभग उन दो दर्जन टोल प्लाजा पर अपना धरना जारी रखने का फैसला किया है, जहां टोल दरों में वृद्धि की गई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक संगरूर के कालाझार, बठिंडा के लहरेगा और जींद, बरनाला के मोगा, महल कलां, लुधियाना के लेहरा, बरनाला के बड़बर और कुछ अन्य स्थानों पर टोल प्लाजा पर धरना जारी है। बीकेयू उगराहां के महासचिव सुखदेव सिंह कोकरी कलां ने कहा है कि वे 9 टोल प्लाजों पर तब तक बने रहेंगे जब तक कि दरों में बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया जाता है। बीकेयू डकौंडा के अध्यक्ष बूटा सिंह बुर्जगिल ने कहा कि मालवा में 10 टोल प्लाजों पर हमारे संघ का धरना जारी रहेगा और दोआबा और माझा टोल प्लाजा में लगभग 10 धरने जारी रहेंगे। उन्होंने दरें बढ़ा दी हैं। वे उन्हें आम आदमी पर थोपने की अनुमति नहीं देंगे। बीकेयू उगराहां ने 39 स्थानों पर धरना दिया था जबकि 32 किसान संघों द्वारा 108 धरने किए गए थे। अन्य 18 धरने किसानों के समर्थन में कई संगठनों द्वारा आयोजित किए गए थे। कुल 165 धरने हुए जिनमें से 140 को उठा लिया गया था।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Recommended News

Related News