पंजाब पुलिस ने अमेरिकी एजेंसी FBI द्वारा वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार, हुए बड़े खुलासे

punjabkesari.in Monday, Mar 10, 2025 - 02:57 PM (IST)

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डी.जी.पी. पंजाब गौरव यादव के दिशा-निर्देशों पर नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत तरनतारन पुलिस ने अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफ.बी.आई.) को वांछित एक अंतरराष्ट्रीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शहनाज उर्फ ​​शॉन भिंडर के रूप में हुई है। 

इस संबंध में जानकारी देते हुए डी.आई.जी. फिरोजपुर रेंज स्वपन शर्मा (आई.पी.एस.) ने बताया कि आरोपी गांव मंडियाला, थाना घुमाण, जिला गुरदासपुर का रहने वाला है। वह इस समय कनाडा में ब्रैम्पटन, ओंटारियो में रह रहा था। उन्होंने इस संबंध में अधिक जानकारी सांझा करते हुए बताया कि इससे पहले एफबीआई ने अमेरिका में शान भिंडर के 6 साथियों को गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से 391 किलोग्राम मेथाम्फेटामाइन, 109 किलोग्राम कोकीन, चार आधुनिक हथियार और वाहन भी बरामद किए गए थे। आरोपी (शॉन) एफ.बी.आई. के अधिकारियों चकमा देकर भारत लौट आया था पर इस संबंध में ठोस खुफिया जानकारी प्राप्त करने के पश्चात पुलिस ने बिना समय गवाए आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया।  

स्वपन शर्मा ने बताया कि डी.जी.पी. गौरव यादव के निर्देश पर तरनतारन पुलिस ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए एस.एस.पी. तरनतारन अभिमन्यु राणा (आई.पी.एस.) और डी.एस.पी. स्पेशल क्राइम गुरिंदरपाल सिंह नागरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। एफ.बी.आई. द्वारा पहले गिरफ्तार किए गए अन्य 6 आरोपियों में अमृतपाल सिंह उर्फ ​​अमृत उर्फ ​​बल, अमृतपाल सिंह उर्फ ​​चीमा, तकदीर सिंह उर्फ ​​रोमी, सरबजीत सिंह साबी, फर्नांडो वेलाडेरिस उर्फ ​​फ्रेंको और गुरलाल सिंह शामिल हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शॉन भिंडर ने विभिन्न देशों की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर ट्रकों और ट्रॉलियों के माध्यम से ड्रग्स की बड़ी खेप पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। पूछताछ में पता चला कि वह 2014 से कनाडा में ट्रांसपोर्ट के धंधे से जुड़ा हुआ था। वह कोलंबिया से मैक्सिको होते हुए ट्रकों के जरिए अमेरिका और कनाडा में ड्रग्स की सप्लाई करता था। बताया जाता है कि मुख्य आरोपी के अमृतपाल सिंह उर्फ ​​बाठ, गुरजंट सिंह भोलू हवेलिया, तजिंदर सिंह उर्फ ​​तेजी कहलों और हरमन वड़ैच जैसे कट्टर ड्रग तस्करों से भी संबंध हैं। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहनाज सिंह 28 दिसंबर 2024 को पुलिस स्टेशन सदर तरनतारन में धारा 111 (3) बीएनएस, 25 (1) (6) आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में भी वांछित है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

26 अक्टूबर से 25 मार्च, 2015 तक तरनतारन पुलिस द्वारा की गई पिछली बरामदगी और गिरफ्तारियां

पुलिस ने नशा तस्करी के 17 मामले दर्ज कर 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 13 पिस्तौल, 24 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की गई। तरनतारन पुलिस ने 26 अक्टूबर से 9 मार्च 2025 तक जबरन वसूली और फिरौती के 15 मामलों का पता लगाया है। पुलिस ने अब तक 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस समय के दौरान एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत 125 मामले दर्ज किए गए हैं और 145 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने अब तक 34.197 किलोग्राम हेरोइन, 4.166 किलोग्राम अफीम, 0.012 किलोग्राम गांजा, 0.218 किलोग्राम सुल्फा, 11594 गोलियां और कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने 2,29,700 रुपये ड्रग मनी बरामद की है। पुलिस ने इस दौरान 29 फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News