जनगणना ड्यूटी पर गई महिला अध्यापक को घर अंदर किया बंद, जमकर हुआ हंगामा
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 09:35 AM (IST)
पंजाब डेस्कः लुधियाना के मॉडल टाउन इलाके में जनगणना ड्यूटी पर गई एक महिला अध्यापक को संदिग्ध समझकर परिवार द्वारा घर के अंदर रोकने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
महिला को संदिग्ध मानते हुए घर के अंदर ही रोका
जानकारी के अनुसार महिला अध्यापक जनगणना संबंधी कार्य के लिए मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह के नजदीक एक घर में पहुंची थी। इस दौरान घर के सदस्यों को उस पर शक हुआ और उन्होंने उससे पहचान पत्र मांगा। महिला अध्यापक ने अपना आईडी कार्ड दिखाया, लेकिन जब परिवार ने उस पर दर्ज नंबर पर फोन किया तो वह बंद मिला। इसके बाद परिवार ने महिला को संदिग्ध मानते हुए घर के अंदर ही रोक लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
इसी दौरान महिला अध्यापक ने अपने पति को फोन कर मौके पर बुलाया। मौके पर पहुंचे पति ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को बंधक बनाकर परेशान किया गया। उन्होंने सरकारी कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार करने वाले परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि संबंधित परिवार सी.ए. पेशे से जुड़ा हुआ है। थाना मॉडल टाउन के एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि मामला गलतफहमी के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को सोमवार को थाने बुलाया है।

