Punjab : आरोपियों ने घर में घुस चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, पुलिस ने शुरू की जांच
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 11:19 AM (IST)
फिरोजपुर : फिरोजपुर के ममदोट ब्लॉक के अधीन आते गांव खुंदड़ हिठाड़ में एक छोटे किसान के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने घर में घुसकर फायरिंग की। इस फायरिंग में एक युवक घायल हो गया, जिसका इलाज सिविल अस्पताल ममदोट में चल रहा है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता हरजिंदर सिंह पुत्र गुरचरण सिंह ने बताया कि करीब 11 बजे सुखदेव अरोड़ा उर्फ जॉनी पुत्र चमन लाल अरोड़ा, निवासी शांति नगर फिरोजपुर अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में 2 अज्ञात लोगों के साथ उनके घर के बाहर आया। आरोपी ने पहले उनके साथ मारपीट की और बाद में अपने हाथ में पकड़ी पिस्तौल से फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में हरजिंदर के बेटा सुखचैन सिंह घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सुखचैन सिंह की बाजू में गोली लगी है।
हरजिंदर सिंह ने बताया कि सुखदेव ने फिर दो और फायर किए। शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर आ गए। लोगों को इक्ट्ठा होते देख आरोपी मौके पर अपनी गाड़ी और हथियार छोड़कर भाग निकले। गांववासियों ने मिलकर सुखचैन को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार रंजिश का कारण यह है कि उन्होंने किसी और से 4 कनाल जमीन खरीदी थी, जिसका रास्ता नहीं था, और जॉनी डरा-धमकाकर वह जमीन लेना चाहता है। वहीं घायल सुखचैन सिंह ने मामले की जानकारी देते बताया कि शनिवार रात को उसे आरोपी का फोन आया था और उसने कहा था कि उसने अब तक 4 कत्ल किए हैं और पांचवां उसका करना है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़ितों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी मिली है कि आरोपियों की फॉर्च्यूनर गाड़ी में से लगभग 100 कारतूस और एक बंदूक मिली है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

