पंजाब के सरकारी गोदाम में Filmy Style लूट! चौकीदारों को बंधक बनाकर बड़ी वारदात को दिया अंजाम
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 06:22 PM (IST)
अजनाला (रमन): अमृतसर के अजनाला के गांव महल बुखारी स्थित पनग्रेन के सरकारी गोदाम में देर रात बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने गोदाम में तैनात चौकीदारों को बंधक बनाकर करीब 400 गेहूं के कट्टे और एक ट्रक लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह गेहूं आटा-दाल योजना के तहत जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाना था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 15 अज्ञात बदमाश गोदाम में घुस आए। वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने गोदाम में खड़े अन्य ट्रकों से डीजल निकाला और जिस ट्रक में गेहूं लोड करना था, उसमें वही डीजल भर दिया। इसके बाद बदमाश करीब 400 गेहूं के कट्टे ट्रक में लोड कर मौके से फरार हो गए।
चौकीदारों को बंधक बनाकर दी जान से मारने की धमकी
गोदाम में तैनात एक चौकीदार ने बताया कि देर रात अचानक बिजली चली गई। जब वह बिजली की जांच करने बाहर निकला तो पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां पहले से उनके अन्य साथी मौजूद थे। बदमाशों ने सभी चौकीदारों को बंधक बना लिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने आराम से ट्रक में गेहूं लोड किया और फरार हो गए।

ट्रक मालिक ने सुनाई पूरी घटना
ट्रक मालिक ने बताया कि उनका ट्रक रात के समय गोदाम परिसर में खड़ा था। चौकीदारों के अनुसार, रात करीब 12 बजे के बाद करीब 15 बदमाश गोदाम में दाखिल हुए। उन्होंने चौकीदारों को बंधक बनाया और करीब 400 गेहूं के कट्टे ट्रक में भरकर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
![]()
पनग्रेन अधिकारी ने की घटना की पुष्टि
पनग्रेन के अधिकारी ने बताया कि देर रात बदमाश चौकीदारों को बंधक बनाकर करीब 400 गेहूं के कट्टे और एक ट्रक लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों और पुलिस को दे दी गई। विभाग की ओर से भी मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि सरकारी गोदाम से गेहूं चोरी होने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सरकारी गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि बदमाश बड़ी मात्रा में सरकारी गेहूं और ट्रक लेकर आसानी से फरार होने में सफल रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

