गुरदासपुर: घर में जलाई ज्योत से लगी भीषण आग, पहली मंजिल पर मची तबाही
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 03:16 PM (IST)
गुरदासपुर (हरमन, हरजिंदर सिंह गोराया): गुरदासपुर शहर के न्यू संत नगर मोहल्ले में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से एक घर में भारी नुकसान हो गया। इस घटना में घर का कीमती सामान जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
लकड़ी के छोटे मंदिर में जलाई गई थी जोत
प्राप्त जानकारी के अनुसार जसबीर सिंह और उनके परिवार द्वारा सुबह पाठ-पूजा के दौरान घर की पहली मंजिल पर बने लकड़ी के छोटे मंदिर में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार ज्योत जलाई गई थी। इसके बाद परिवार के सदस्य नीचे की मंजिल पर अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त हो गए। परिवार के सदस्यों ने आशंका जताई है कि ज्योत की लौ से किसी कपड़े या अन्य ज्वलनशील वस्तु में आग लग गई, जो धीरे-धीरे फैलते हुए लकड़ी के सामान और घर में रखी अन्य वस्तुओं तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पहली मंजिल का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।
आग से उठे घने धुएं के कारण कमरों के शीशे भी टूट गए। घटना का पता चलते ही परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि समय रहते आग बुझा ली गई, लेकिन उससे पहले ही घर का काफी सामान जलकर राख हो चुका था। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

