दाल बाजार में मौत का तांडव: घर में चल रही अवैध फैक्ट्री में लगी भीषण आग, एक व्यक्ति जिंदा जला

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 02:14 PM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर के सबसे व्यस्त और संकरे व्यापारिक क्षेत्र दाल बाज़ार में आज सुबह उस वक्त कोहराम मच गया जब एक रिहायशी मकान के भीतर चल रही छोटी फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब 10 बजे जब बाज़ार में हलचल शुरू ही हुई थी, तभी एक घर से धुएं के काले गुबार उठते देख आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक व्यक्ति की जान ले ली। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिहायशी इलाके में अवैध रूप से चल रही इस इकाई में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप धारण कर लिया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर तो पहुँचीं, लेकिन दाल बाज़ार की बेहद संकरी गलियों ने बचाव कार्य में बड़ी दीवार खड़ी कर दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मुख्य सड़क पर ही फंस गईं, जिसके बाद दमकल कर्मियों को करीब 12 लंबी पाइपें एक साथ जोड़कर मौके तक पानी पहुँचाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मशक्कत और घंटों चले ऑपरेशन के बाद जब दमकल विभाग ने लपटों पर काबू पाया और मलबे के बीच तलाशी शुरू की, तो वहां से एक झुलसा हुआ शव बरामद हुआ। दमकल अधिकारियों ने पुष्टि की है कि धुएं और आग के बीच फंसे होने के कारण व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।  फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस अग्निकांड ने एक बार फिर शहर के रिहायशी इलाकों में चल रही अवैध फैक्ट्रियों और वहां सुरक्षा इंतजामों के अभाव पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News