खाकी के नाक के नीचे गुंडागर्दी: Police Station से चंद कदमों की दूरी पर करियाना स्टोर में खूनी तांडव
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 10:43 AM (IST)
लुधियाना(राज): थाना डाबा इलाके में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस का रत्ती भर भी खौफ नहीं रहा। बीती देर रात नकाबपोश लुटेरों ने थाने से महज कुछ ही दूरी पर स्थित एक करियाना स्टोर को अपना निशाना बनाया और जमकर खूनी खेल खेला। लुटेरों ने न केवल दुकान में लूटपाट की, बल्कि विरोध करने पर दुकानदार पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और मौके से नकदी व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए
सीसीटीवी में कैद हुआ लुटेरों का 'आतंक'
यह पूरी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे नकाबपोश लुटेरे अचानक दुकान के अंदर दाखिल होते हैं और बिना किसी डर के हथियारों के बल पर दुकानदार को घेर लेते हैं। जब दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें रोकने की कोशिश की, तो हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उन पर हथियारों से हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हैरानी की बात तो यह है कि जिस जगह इस वारदात को अंजाम दिया गया, वहां से थाना डाबा कुछ ही कदमों की दूरी पर स्थित है। थाने के इतने करीब ऐसी दुस्साहसिक वारदात होना पुलिस की कार्यप्रणाली और नाइट पेट्रोलिंग पर बड़े सवालिया निशान खड़े करती है। स्थानीय दुकानदारों में इस घटना को लेकर भारी रोष पाया जा रहा है। उनका कहना है कि अगर थाने के पास ही सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर शहर में कहां सुरक्षा की उम्मीद की जाए। वारदात की सूचना मिलते ही थाना डाबा की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और दावा किया जा रहा है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है, जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

