जालंधर में आग का कहर: मिनटों में राख हुईं 16 झुग्गियां, मजदूरों ने भागकर बचाई जान

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 09:53 AM (IST)

जालंधर: विधानसभा हल्का जालंधर कैंट के अधीन पड़ते गांव रायपुर फराला की दाना मंडी में भयंकर आग की लपेट में आई 16 झुग्गियां कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गई। वहां पड़ा हुआ छोटा गैस सिलेंडर फट जाने के कारण आग की रफ्तार और भी तेज हो गई। झुग्गियां के अंदर बैठे हुए प्रवासी मजदूरों, जिनमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे ने भागकर अपनी जान बचाई। उक्त इलाका थाना सदर जमशेर के अधीन पड़ता है।

गांव रायपुर में लगी आग की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी व फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से जब आग पर काबू पाया तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। अगर आग लगने के तुरंत बाद प्रवासी मजदूर झुग्गियां से बाहर न आते तो उन सभी की जानें भी जा सकती थीं। जिन प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों को आग लगी है, उनमें तजिदर मंडल, हरि राम मुखिया, प्रवेश सादा, किरपाल सादा, राजू कामट, विधुर सादा, मिथुन सादा, बबलू सादा, अमित सादा, बबलू मंडल, रमेश सादा, ननू लाला सादा, हरि बंद इत्यादि शामिल हैं।

प्रवासी मजदूरों ने बताया कि आग लगने से झुग्गियां में पढ़े हुए कपड़े, मंजे-बिस्तरे, कूलर, फ्रिज, पंखे, एल.ई.डी. तथा अन्य कीमती सामान के अलावा झुग्गियां के बाहर खड़ा ट्रैक्टर, 3 मोटरस्यइकिल, 2 एक्टिवा वाशिंग मशीन, हदंबा मशीन भी जलकर राख हो गई। प्रवासी मजदूरों ने बताया कि वह गेहूं तथा धान के सीजन में जहां रायपुर की दाना मंडी में काम करते हैं, वहीं वह खेतों में काम कर अपना गुजारा करते थे। उन्होंने कहा कि हाल ही में गेहूं के खत्म हुए सीजन में उन्होंने जो कमाई की थी वो सब कुछ तबाह हो गया। पीड़ितों ने जिला प्रशासन से सहायता देने की गुहार लगाई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News