जंडियाला गुरु में फायरिंग, पिता-पुत्र घायल, एक की हालत गंभीर
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 01:15 PM (IST)
जंडियाला गुरु: जंडियाला गुरु में एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है, जिससे पंजाब में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वैरोवाल रोड पर हुई इस घटना में दो व्यक्ति गोलियां लगने से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
21 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद
घायलों की पहचान पिता-पुत्र के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार हमलावरों ने 3 से 4 राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक व्यक्ति के कंधे में दो गोलियां लगीं, जबकि दूसरे के जांघ में एक गोली लगी है। पीड़ित परिवार के अनुसार, एक किराना स्टोर के मालिक ने कुछ युवकों के साथ मिलकर उनके घर में घुसकर सामान उठाना शुरू कर दिया। करीब 21 हजार रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ, जिसके दौरान हमलावरों ने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस फायरिंग में दोनों पिता-पुत्र घायल हो गए।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसएचओ जंडियाला ने बताया कि किराने के सामान के पैसों को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने पीड़ितों के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों द्वारा छापेमारी की जा रही है।

