लुधियाना के इस इलाके में मची अफरा-तफरी, दुकानें बंद कर भागे दुकानदार
punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 12:28 PM (IST)

लुधियाना : शहर के शेरपुर कलां इलाके में देर रात दो गुटों के बीच हुई फायरिंग ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। इस दौरान सब्जी मंडी से अपने पिता के साथ घर लौट रही एक किशोरी गोली या छर्रे लगने से घायल हो गई। घायल किशोरी की पहचान मैरी (9वीं कक्षा की छात्रा) के रूप में हुई है, जिसे तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शी सरबजीत सिंह ने बताया कि वह सब्जी मंडी से लौट रहा था, तभी गली में कुछ युवक पहले से खड़े थे। कुछ ही देर बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिसकी आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग खड़े हुए। गोलीबारी इतनी अधिक थी कि पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
सरबजीत ने बताया कि फायरिंग के कुछ ही देर बाद उसकी भतीजी मैरी और बहन उसके पास आईं। मैरी की कलाई से खून बह रहा था। अंदेशा है कि उसे या तो गोली लगी है या छर्रे। फिलहाल, डॉक्टरों ने किशोरी का उपचार शुरू कर दिया है और एक्स-रे के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी स्थानीय थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस को मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने को कहा गया है, जिससे गोली चलाने वालों की पहचान की जा सके। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here