जिला Luhdiana में सरपंच पर जानलेवा हमला, बाउंसर्स के साथ आए हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 09:49 AM (IST)

लुधियाना(राज): जिले के गांव बुड्ढेवाल में पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई ने उस समय खूनी मोड़ ले लिया जब गांव के मौजूदा सरपंच और उनके परिवार पर सरेआम कातिलाना हमला कर दिया गया। हमलावरों ने न केवल सरपंच को जातिसूचक शब्द कहे, बल्कि उनके भतीजे पर रिवॉल्वर से फायरिंग की और भाई को गाड़ी के नीचे कुचलने की कोशिश की। थाना जमालपुर की पुलिस ने इस मामले में बलविंदर सिंह, बलवंत सिंह और उनके अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर दिया है पुलिस ने मुख्य आरोपी बलविंदर सिंह को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी फरार बताए जा रहे हैं।

हथियारबंद बाउंसर्स के साथ किया परिवार पर हमला 
पुलिस को दिए बयान में गांव बुड्ढेवाल के सरपंच इंद्रजीत सिंह ने बताया कि 21 अप्रैल को वह पंचायत सदस्य कर्मवीर सिंह के साथ गांव के खेल मैदान में काम करवा रहे थे। इसी दौरान आरोपी बलवंत सिंह अपने साथ दो हथियारबंद बाउंसर्स लेकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए सरपंच को जातिसूचक शब्द बोले। उस वक्त वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया, लेकिन यह तो सिर्फ एक खौफनाक शुरुआत थी। सरपंच ने बताया कि जब वह अपनी करियाना दुकान पर मौजूद थे, तो बलवंत सिंह अपनी मैग्नाइट गाड़ी में बाउंसर्स के साथ वहां दोबारा आया और ललकारने लगा। विवाद बढ़ने पर बलवंत ने अपने भाई बलविंदर सिंह को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि बलवंत ने सरपंच के 28 वर्षीय भतीजे लवप्रीत सिंह को चौक में घेर लिया, तभी बलविंदर सिंह घर से रिवॉल्वर निकाल लाया और लवप्रीत पर जान से मारने की नीयत से सीधा फायर झोंक दिया। पीड़ित ने भागकर बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। खूनी खेल यहीं खत्म नहीं हुआ। 

पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी बलविंदर सिंह को किया गिरफ्तार
आरोपी बलवंत सिंह ने सरपंच के 40 वर्षीय भाई परमजीत सिंह पर अपनी गाड़ी चढ़ाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की, जिससे परमजीत को काफी गंभीर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार होने लगे, लेकिन हड़बड़ाहट में बलविंदर सिंह के हाथ से उसका रिवॉल्वर मौके पर ही नीचे गिर गया।वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और मुख्य आरोपी बलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 32 बोर का रिवॉल्वर, 4 जिंदा कारतूस और 1 खाली खोल बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बलवंत सिंह और उसके बाउंसर्स की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News