पंजाब में अब काउंसलर के घर पर फायरिंग, फैली सनसनी

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 02:02 PM (IST)

अमृतसर: शहर के रतन सिंह चौक इलाके में शुक्रवार देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कुछ अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने आम आदमी पार्टी की एक मौजूदा काउंसलर के घर को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय काउंसलर का पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी को कोई चोट नहीं आई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

काउंसलर के पति इंदरजीत ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम के तहत कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। उनका मानना है कि इसी रंजिश के चलते बदमाशों ने डराने के मकसद से उनके घर पर हमला किया है।

घटना के बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और थाने में शिकायत दर्ज करवाई। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है, जिसमें कुछ नकाबपोश युवक घर के बाहर आकर फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गवाहों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News