आदमपुर से हिंडन जाने वाली Flight अचानक रद्द, यात्रियों को हुई भारी परेशानी

punjabkesari.in Tuesday, Aug 05, 2025 - 11:01 PM (IST)

जालंधर: आदमपुर एयरपोर्ट, जो जालंधर और दोआबा क्षेत्र के लोगों के लिए एक जरूरी हवाई अड्डा है, एक बार फिर सुर्खियों में है। 2 अगस्त को यहां से हिंडन (गाजियाबाद) जाने वाली स्टार एयर की फ्लाइट S5235 अचानक रद्द कर दी गई। इस फैसले से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह फ्लाइट दोपहर 3:30 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन 2 बजे तक एयरपोर्ट स्टाफ ने यात्रियों को कोई जानकारी नहीं दी। करीब 2:19 बजे कुछ लोगों को यह सुनने को मिला कि फ्लाइट देर से चलेगी। जब यात्रियों ने एयरलाइन से संपर्क किया, तो उन्हें सिर्फ यही बताया गया कि फ्लाइट में देरी है। न तो कोई अनाउंसमेंट हुआ, न ईमेल आया, और न ही कोई आधिकारिक जानकारी दी गई।

करीब 2:45 बजे लोगों को अंदेशा हुआ कि फ्लाइट शायद रद्द हो गई है। इसके बाद हड़कंप मच गया और यात्री जानकारी लेने के लिए काउंटर की तरफ दौड़ पड़े। कुछ ही देर बाद स्टार एयर की तरफ से आधिकारिक सूचना आई कि "ऑपरेशनल कारणों" से फ्लाइट रद्द कर दी गई है।

इस फ्लाइट से सिर्फ स्थानीय यात्री नहीं, बल्कि लुधियाना और दोआबा के धार्मिक जत्थे और एक जर्मनी से आया अंतरराष्ट्रीय यात्री भी सफर कर रहे थे। कई लोगों की आगे की यात्रा, जैसे मुंबई और नांदेड़ की उड़ानें भी इससे प्रभावित हुईं।

इस तरह की अव्यवस्था ने आदमपुर एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोआबा क्षेत्र, जहां लाखों एनआरआई परिवार रहते हैं, के लिए हवाई सेवा कोई लग्जरी नहीं, बल्कि ज़रूरत है। ऐसे में बिना समय पर सूचना दिए फ्लाइट रद्द होना चिंता की बात है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

VANSH Sharma

Related News