दुष्कर्म केस में घिरे पूर्व SGPC सदस्य अमरजीत सिंह चावला के घर पुलिस की रेड, पत्नी से पूछताछ जारी
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 02:49 PM (IST)
लुधियाना (राज): शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के पूर्व वरिष्ठ सदस्य अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के बहुचर्चित मामले में पंजाब पुलिस ने शिकंजा कसते हुए जांच तेज कर दी है। महानगर के पॉश इलाके मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित चावला के आवास पर आज सुबह श्री आनंदपुर साहिब पुलिस की एक विशेष टीम ने अचानक छापेमारी कर दी। हालांकि रेड के दौरान आरोपी अमरजीत सिंह चावला घर पर मौजूद नहीं मिले, जिसके बाद महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में पुलिस टीम घर के अंदर उनकी पत्नी से गहन पूछताछ कर रही है और कोठी की तलाशी ली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की यह औचक कार्रवाई रविवार सुबह करीब 8:30 बजे शुरू हुई। अमरजीत सिंह चावला का घर मॉडल टाउन एक्सटेंशन में वीआईपी लेन के नजदीक स्थित है। इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी को अंजाम देने के लिए श्री आनंदपुर साहिब से करीब 10 से 15 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की एक बड़ी टीम तीन सरकारी गाड़ियों के काफिले में सीधे लुधियाना पहुंची। चूंकि आवास पर महिलाएं मौजूद थीं और उनसे पूछताछ की जानी थी, इसलिए प्रोटोकॉल के तहत टीम में विशेष तौर पर महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। पुलिस ने पहुंचते ही कोठी के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा घेरा बना लिया और अंदर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
शिकायतकर्ता महिला मूल रूप से पंजाब से संबंधित है और पिछले 25 वर्षों से बहरीन में रह रही है। दर्ज एफआईआर के अनुसार, यह वारदात 27 फरवरी से 19 अगस्त 2026 के बीच की बताई गई है। पीड़िता ने बताया कि वह धार्मिक आस्था के तहत श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर दर्शन-दीदार व यात्रा के लिए आई थी। इसी दौरान उसका संपर्क पूर्व एसजीपीसी सदस्य अमरजीत सिंह चावला से हुआ। पीड़िता का आरोप है कि चावला उसे बहला-फुसलाकर अलग-अलग सरायों और कमरों में ले गया। महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि आरोपी ने उसे वहां बंधक बनाकर रखा और उसकी मर्जी के खिलाफ बार-बार उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने इस वहशियाना हरकत का कड़ा विरोध किया, तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने और बदनाम करने की धमकियां दी गईं। आरोपी की प्रताड़ना और मानसिक यातनाओं से बुरी तरह तंग आकर पीड़िता ने अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिए आत्महत्या का प्रयास भी किया, लेकिन समय रहते एक सेवादार की नजर पड़ने पर उसने महिला को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचा ली।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि उसने इस घिनौने कृत्य को लेकर पंथ के शीर्ष नेतृत्व से न्याय की गुहार लगाई थी। मगर जब पंथक स्तर पर उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई और उसे दर-दर भटकना पड़ा, तो उसने मजबूर होकर कानून का दरवाजा खटखटाया और आनंदपुर साहिब पुलिस को औपचारिक लिखित शिकायत सौंपी। जिसके बाद श्री आनंदपुर साहिब की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

