Police में भर्ती के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी Arrest, पूछताछ में खुलासे होने की संभावना
punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 05:44 PM (IST)
खन्ना(कमल) : थाना समराला पुलिस ने पंजाब पुलिस में भर्ती करवाने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पंजाब पुलिस का एक फर्जी आई.डी. कार्ड भी बरामद किया है। यह कार्रवाई गांव हरियों कलां निवासी अमनिंदर सिंह की शिकायत के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोबिंद सिंह उर्फ संजू निवासी हिम्मत नगर समराला के रूप में हुई है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता अमनिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि गोबिंद सिंह ने उसे पंजाब पुलिस में सिपाही भर्ती करवाने का झांसा दिया और अलग-अलग तारीखों में उससे करीब 10 लाख रुपए ले लिए। शिकायतकर्त्ता के अनुसार पैसे लेने के बावजूद आरोपी ने न तो उसे पुलिस में भर्ती करवाया और न ही रकम वापस की। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी द्वारा उसे जान से मारने की धमकियां देने का भी आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना समराला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।
इस दौरान खन्ना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी लगवाने अथवा किसी अन्य काम के लिए पैसे देने तथा बिचौलियों के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे मांगता है या ठगी करने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए। पुलिस ने कहा कि धोखाधड़ी करने वाले एवं अन्य गलत गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

