गाड़ी खरीदने के नाम पर 12 लाख रुपए की ठगी! हैरत में डाल देगा मामला

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 09:06 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में वाहन खरीद-फरोख्त और बैंक लोन के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले जालसाजों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसा है। एक व्यक्ति की गाड़ी खरीदने का झांसा देकर बैंक से ₹12 लाख का लोन पास करवाने और फिर मिलीभगत से पूरी रकम धोखे से अपने खाते में ट्रांसफर करवाकर हड़पने के आरोप में पुलिस ने एक महिला सहित दो लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान जसविंदर कौर और इकबाल सिंह के रूप में हुई है।

वीर सिंह ने अपने बयानों में बताया कि आरोपी जसविंदर कौर और इकबाल सिंह ने एक सुनियोजित साजिश के तहत उससे संपर्क किया। आरोपियों ने मुद्दई की गाड़ी खरीदने का सौदा तय किया और इसके भुगतान के लिए 'एयू स्मॉल फाइनेंस' कंपनी से 12 लाख रुपये का लोन मंजूर करवाया। लोन मंजूर होने के बाद आरोपियों ने शातिराना चाल चली। उन्होंने जानबूझकर और आपस में मिलीभगत करके लोन की कुल ₹12,00,000/- की राशि मुद्दई को देने के बजाय धोखे से अपने निजी बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली। इसके बाद आरोपियों ने पूरी रकम अपने निजी उपयोग में खर्च कर डाली और मुद्दई को न तो गाड़ी के पैसे दिए और न ही लोन की अदायगी की। जब मुद्दई को इस बड़े विश्वासघात और धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उसने इंसाफ के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीर सिंह के बयानों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी जसविंदर कौर और इकबाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश रचने और अमानत में खयानत से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संबंधित बैंक लेन-देन और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और पुलिस का दावा है कि दोनों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News