कनाडा भेजने के नाम पर ''डिजिटल डाका, Fake Job लेटर दिखाकर युवक से ठगे हजारों

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 09:57 AM (IST)

लुधियाना (राज): विदेश जाने और वहां नौकरी करने का सपना संजोए बैठे एक युवक के साथ शातिर ठगों द्वारा जालसाजी करने का मामला सामने आया है। ठगों ने बड़ी ही चालाकी से युवक को कनाडा का फर्जी जॉब ऑफर लेटर थमाया और उसकी आंखों में धूल झोंककर बैंक खाते से हजारों रुपये साफ कर दिए। इस संबंध में पीड़ित गुरवरन सिंह की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद चंडीगढ़ स्थित स्काईआउट एजुकेशन की आरोपी एजेंट नवनीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़ित गुरवरन सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे कनाडा में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। अपनी बातों पर यकीन दिलाने के लिए आरोपियों ने उसे एक फर्जी जॉब लेटर भी दिखाया, जिसे देखकर पीड़ित को उन पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन बैंकिंग और बैंक अकाउंट ट्रांसफर के जरिए पीड़ित से कुल 88,572 रुपये ऐंठ लिए।

जब युवक ने अपने वीजा और आगे की प्रक्रिया के बारे में पूछा तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया, जिससे उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ। पुलिस द्वारा की गई पड़ताल में सामने आया है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से युवक को अपने जाल में फंसाया और फर्जी दस्तावेजों के दम पर धोखाधड़ी  की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके बैंक खातों और तकनीकी लोकेशन की जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News