लुधियाना में कनाडा भेजने के नाम पर 85 लाख की धोखाधड़ी, मनी एक्सचेंजर के खिलाफ केस दर्ज
punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 10:30 AM (IST)
लुधियाना (राज): विदेश भेजने के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपये हड़पने वाले शातिर ठगों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मनी एक्सचेंजर का काम करने वाले आरोपी गगनदीप सिंह धालीवाल के खिलाफ कुलतेज सिंह की शिकायत पर अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का गंभीर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में कुलतेज सिंह ने बताया कि आरोपी गगनदीप सिंह धालीवाल मनी एक्सचेंज का कारोबार करता है। आरोपी ने उनके परिवार का विश्वास जीतकर यह भरोसा दिलाया था कि वह कानूनी और आधिकारिक तरीकों से उनके जीजा बलजिंदर सिंह सिद्धू को कनाडा भेज देगा। विदेश भेजने के नाम पर आरोपी ने अलग-अलग किस्तों और ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 85 लाख रुपये की बड़ी रकम मनी ट्रांसफर के माध्यम से अपने खातों में मंगवा ली।
मुद्दई के अनुसार, लंबी अवधि बीत जाने के बाद भी जब बलजिंदर सिंह सिद्धू को कनाडा नहीं भेजा गया और उनका काम अधर में लटका रहा, तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। जब कुलतेज सिंह और उनके परिवार ने आरोपी गगनदीप सिंह से संपर्क कर अपना काम पूरा करने या उनके 85 लाख रुपये तत्काल वापस करने की मांग की, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। काफी दबाव डालने के बाद भी आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और मुद्दई पक्ष को आर्थिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

