Matrimonial Site पर जीवन साथी खोजने वाले सावधान, कहीं आप भी इसका शिकार न बन जाएं

punjabkesari.in Wednesday, Jun 19, 2024 - 02:45 PM (IST)

पंजाब डेस्क: सिटी एरिया अधीन निवासी एक महिला से ऑनलाइन फ्रेंडशिप के बहाने निवेश के नाम पर 70 लाख की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। सिटी पुलिस ने आरोपी पर मुकद्दमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

इस ठगी का शिकार हुई महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी शादी से संबंधित एक ऑनलाइन प्रोफाइल बनी थी। पिछले वर्ष नवंबर महीने से अमित एस. कुमार फर्जी नाम वाले व्यक्ति से उसकी बातचीत शुरू हुई। वह व्यक्ति इंटरनैशनल नंबर से उसके साथ फोन पर बातचीत करने लगा था। इसी जान-पहचान के चलते वह करीब 6 महीने के दरम्यान एक- दूसरे के काफी नजदीक आ गए। उक्त व्यक्ति ने उसे शादी की ऑफर की तो वह उसके लिए राजी हो गई। इसी बीच आरोपी ने उसे बताया कि उसका टर्की देश में अपना कारोबार है। इसके लिए उसे कूट मैटेरियल की जरूरत है। उसने कहा कि उसकी ई-मेल आई.डी. अचानक बंद हो गई है। इसके चलते वह अपना बैंक खाता ऑप्रेट नहीं कर पा रहा।

शिकायतकर्ता से अपने बैंक खाते करवाए आप्रेट
आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपनी ई-मेल आई.डी. और पासवर्ड के अलावा अपने बैंक खाते से संबंधित पासवर्ड भी दे दिए। इसके बाद आरोपी ने महिला के जरिए अपने बैंक खाते ऑप्रेट करवाने शुरू कर दिए। उसने काफी लोगों से पैसे का लेन-देन किया। 2 बार पैसे ट्रांसफार्मर किए जाने के बाद जब तीसरी बार ट्रांजेक्शन की जाने लगी तो अकाऊंट ब्लॉक हो गया। इसके उपरांत आरोपी ने उसे अपने बैंक में ई-मेल करने को कहा ताकि शिकायत दर्ज हो सके। जब शिकायतकर्ता ने ई-मेल की तो बैंक ने कहा कि जिसका खाता है, उसे खुद बैंक आना होगा। तभी जाकर समस्या का हल हो सकेगा। इसकी वजह से आरोपी का खाता ब्लॉक हो गया।

अलग-अलग खातों में पैसे कराए ट्रांसफर
इसके बाद बिजनैस को जारी रखने का हवाला देते हुए पैसों की मांग की। इसके राजी होने पर सबसे पहले आरोपी ने अपने बताए खाते में 18.55 लाख, किसी माधवी के खाते में करीब 36 लाख, मोहम्मद आसिफ के खाते में 2 लाख, विनीत कुमार गुप्ता के खाते में 3.30 लाख व विभिन्न खातों में 11.45 ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह आरोपी ने महिला के खाते से करीब 71.50 लाख अपने बताए गए खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। इसके बाद अचानक उसने अपना फोन बंद कर महिला से अपना सारा संबंध खत्म कर लिया। इस तरह आरोपी ने उसे शादी का झांसा देते हुए लाखों रुपए की ठगी को अंजाम दिया था। पुलिस ने स्टेट साइबर सेल की सिफारिश पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News