खाता खुलवाने के बहाने बुजुर्ग को लगाया लाखों का चूना, Bank के अंदर ही हो गया कांड
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 10:06 AM (IST)
लुधियाना (राज): शिंगार सिनेमा रोड स्थित एक सरकारी बैंक में बेहद शातिराना तरीके से 80 वर्षीय अनपढ़ बुजुर्ग से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। बैंक के अंदर चाय/कैंटीन का काम करने वाले युवक ने खाता खुलवाने में मदद के बहाने बुजुर्ग का असली एटीएम कार्ड खुद रख लिया और बदले में किसी अन्य व्यक्ति का पुराना 'ब्लॉक' एटीएम कार्ड थमा दिया। इसके बाद आरोपी ने बुजुर्ग के खाते से अलग-अलग एटीएम बूथों से 2 लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली। पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस कमिशनर से न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
बैंक स्टेटमेंट से हुआ खुलासा
धर्मपुरा (गली नंबर-4) के रहने वाले पीड़ित बुजुर्ग राम लाल पुत्र बरकत राम ने बताया कि उन्होंने बीती 4 अप्रैल को शिंगार सिनेमा रोड स्थित सरकारी बैंक में नया खाता खुलवाया था। अपना पुराना घर बेचने के बाद मिली करीब 20 लाख रुपये की रकम उन्होंने इसी खाते में जमा करवाई थी। इसमें से 16 लाख रुपये उन्होंने बाद में खुद निकाल लिए थे और बाकी रकम खाते में ही छोड़कर अपने पैतृक गांव बयाना (जिला करनाल, हरियाणा) चले गए थे। 28 जुलाई को जब बुजुर्ग ने करनाल स्थित बैंक में जाकर खाते का बैलेंस चेक करवाया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बैंक कर्मियों ने बताया कि उनके खाते से लुधियाना के अलग-अलग एटीएम से 2 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाली जा चुकी है। हक्के-बक्के बुजुर्ग तुरंत अपने रिश्तेदारों के साथ लुधियाना पहुंचे और बैंक अधिकारियों से संपर्क किया। बैंक स्टेटमेंट से खुलासा हुआ कि गोपाल नगर, बस्ती जोधेवाल, ताजपुर रोड, टिब्बा रोड और सुभाष नगर स्थित एटीएम बूथों से पैसे निकाले गए थे।
बुजुर्ग ने पुलिस कमिशनर के समक्ष पेश होकर लगाई इंसाफ की गुहार
जब राम लाल ने अपने पास रखा एटीएम कार्ड बैंक अधिकारियों को दिखाया, तो अधिकारियों ने बताया कि यह कार्ड तो महीनों पहले ही ब्लॉक हो चुका है और किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। बुजुर्ग पढ़ा-लिखा नहीं होने के कारण कार्ड पर लिखा नाम नहीं पढ़ सका था। बुजुर्ग ने बताया कि बैंक में चाय का काम करने वाले युवक ने ही उसका खाता खुलवाने में कागजी मदद की थी। एटीएम आने पर उसी युवक ने लिफाफा खोलकर ब्लॉक कार्ड बुजुर्ग की जेब में डाला था और कहा था कि 'यह कार्ड किसी को मत दिखाना।' पीड़ित का आरोप है कि उसने धर्मपुरा चौकी, थाना टिब्बा और साइबर क्राइम के चक्कर काटे, लेकिन सुनवाई न होने पर उन्होंने पुलिस कमिशनर के समक्ष पेश होकर इंसाफ की गुहार लगाई। पुलिस कमिशनर कार्यालय से शिकायत मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने शनिवार को चाय वाले युवक को वेरिफिकेशन के बहाने थाने बुलाकर सख्ती से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बुजुर्ग का असली एटीएम अपने पास रखकर ब्लॉक एटीएम देने और पैसे निकालने की बात कबूल कर ली है। पुलिस मामले की आधिकारिक पुष्टि कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

