1 लाख की फर्जी गड्डी का लालच देकर युवक से लाखों की ठगी, पूरा मामला कर देगा हैरान
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 05:34 PM (IST)
लुधियाना (राज): एटीएम के बाहर सक्रिय शातिर ठगों ने एक गरीब प्रवासी मजदूर को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने युवक को 1 लाख रुपये की गड्डी का झांसा देकर उससे 45 हजार रुपये ऐंठ लिए। बाद में जब पीड़ित ने गड्डी खोलकर देखी, तो उसके होश उड़ गए। ऊपर केवल 500 रुपये का एक असली नोट लगा था और अंदर सादे कागज के टुकड़े भरे हुए थे।
जानकारी देते हुए पिंटू कुमार ने बताया कि उसके परिवार पर पुराना कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उसने अपने मालिक से 45,000 रुपये उधार लिए थे। वह यह रकम अपने घर भेजने के लिए पास के एक एटीएम में जमा करवाने गया था। लेकिन मशीन में कोई तकनीकी खराबी होने के कारण पैसे जमा नहीं हो पाए। जैसे ही पिंटू निराशा में एटीएम से बाहर निकला, गेट पर उसे एक शातिर शख्स मिला। उसने पिंटू से पूछा कि उसे कितने पैसे जमा करने हैं। जब पिंटू ने 45 हजार की बात बताई, तो ठग ने कहा कि उसे भी 1 लाख रुपये जमा कराने हैं, लेकिन मशीन काम नहीं कर रही है। उसने झांसा दिया कि वे पास ही किसी दुकान से गूगल-पे के जरिए ट्रांसफर करवा लेते हैं।
इसी बीच ठग का दूसरा साथी भी वहां पहुंच गया। दोनों ने पिंटू को एक रुमाल/कपड़े में लिपटी गड्डी दिखाई, जिसके सबसे ऊपर 500 रुपये का असली नोट चमक रहा था। आरोपियों ने कहा कि वह यह 1 लाख रुपये की गड्डी रख ले और शिवपुरी चौक स्थित दुकान पर जाकर जमा करवा दे, बदले में वह अपने 45 हजार रुपये कैश उन्हें दे दे। मालिक का कर्ज चुकाने की जल्दी में पिंटू ठगों के झांसे में आ गया और उसने अपने 45 हजार रुपये उन्हें थमा दिए। ठग कुछ दूरी तक पिंटू के साथ चले और फिर मौका देखते ही रफूचक्कर हो गए। जब पिंटू ने गड्डी खोली, तो देखा कि ऊपर वाले नोट के अलावा अंदर सिर्फ रद्दी कागज कटे पड़े थे।
पिंटू ने बताया कि वह बेहद गरीब है और पहले से ही कर्ज के तले दबा था। अब मालिक से उधार लिए 45 हजार रुपये डूब जाने के कारण उस पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया है। इस रकम की भरपाई के लिए उसे अगले 5 से 6 महीनों तक बिना किसी वेतन के काम करना पड़ेगा। घटना के बाद पीड़ित ने इस संबंध में थाना दरेसी की पुलिस को शिकायत दी है। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है और न ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इसके बाद पीड़ित ने खुद ही आसपास की दुकानों के कैमरों की फुटेज एकत्र की है। पीड़ित ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि ठगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसकी खून-पसीने की कमाई वापस दिलवाई जाए और आरोपियों पर कार्रवाई की जाए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

