लुधियाना: करोड़ों की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई, राजस्थान से आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 11:55 AM (IST)

लुधियाना (राज): मालिक की फोटो लगाकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के एक बड़े मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी मैनेजर को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मानवेंद्र सिंह निवासी जोधपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी का तक रिमांड हासिल किया था। इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी जारी है और डिजिटल सबूतों की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस अब तक पीड़ित के करीब 18 लाख रुपये रिकवर करवा चुकी है।

जानकारी देते हुए साइबर सेल के इंचार्ज सतबीर सिंह और एस.आई. हरिंदरपाल सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक फर्जी फर्म तैयार की थी। इसके बाद उसने फर्म के मालिक की फोटो लगाकर उसके मैनेजर से संपर्क किया और किसी अन्य फर्म के साथ बिजनेस डील का झांसा देकर मैनेजर से करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपये धोखाधड़ी कर ऐंठ लिए थे। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जांच में आरोपी का नाम सामने आया और तब से पुलिस इसकी तलाश में थी। अब जाकर पुलिस ने उसे राजस्थान से काबू किया है।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता और विशेष रूप से कारोबारियों से अपील की है कि वे इस तरह की किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या नजदीकी पुलिस स्टेशन में संपर्क करें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News