गोल्ड इन्वेस्टमेंट स्कीम बनी ठगी का जाल, 2 लोगों से ऐंठे ₹1.05 करोड़
punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 02:06 PM (IST)
लुधियाना (राज): सोने में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर 1 करोड़ 5 लाख रुपये की बड़ी ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने गहन जांच-पड़ताल के बाद आरोपी के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को सिकंदरपाल सिंह बेदी और साहिलजीत सिंह बेदी की ओर से एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की बारीकी से जांच करने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी वरुण वर्मा और पंकेश वर्मा ने उन्हें सोने से संबंधित स्कीमों में पैसे इन्वेस्ट करने पर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया था। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ितों ने कुल 1,05,00,000/- (एक करोड़ पांच लाख) रुपये का निवेश कर दिया। पैसे वसूलने के बाद आरोपियों ने न तो कोई मुनाफा दिया और न ही उनके मूल पैसे वापस लौटाए। जब पीड़ितों को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन से की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की तफ्तीश अमल में लाई जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर अगली कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

