बुजुर्ग की देखभाल के नाम पर विश्वासघात! केअरटेकर ने ATM-सिम चुराकर उड़ाए 3.90 लाख रुपए
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 08:49 AM (IST)
लुधियाना (राज): बुजुर्गों की सेवा और देखभाल के लिए रखे गए केअरटेकर द्वारा ही विश्वासघात कर लाखों रुपये की चपत लगाने का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोपी केअरटेकर ने मानसिक रूप से बीमार 82 वर्षीय बुजुर्ग का मोबाइल फोन, सिम कार्ड और एस.बी.आई. का एटीएम कार्ड चुरा लिया। इसके बाद उनके फोन का सिम अपने मोबाइल में डालकर गूगल अकाउंट के जरिए 3.90 लाख रुपये अलग अलग खातों में ट्रांसफर कर फरार हो गया।
पुलिस को दी शिकायत में डॉक्टर शशिकांत ने बताया कि उनके पिता जी की उम्र करीब 82 साल है और वे दिमागी बीमारी से पीड़ित हैं। पिता जी की सही ढंग से देखभाल और देख-रेख के लिए उन्होंने इंदरजीत सिंह नाम के व्यक्ति को बतौर केअरटेकर नौकरी पर रखा हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, बीती 15 जुलाई की रात को आरोपी इंदरजीत सिंह ने मौका पाकर उनके पिता के मोबाइल फोन में से सिम कार्ड और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम कार्ड चुरा लिया। इसके बाद आरोपी ने वह चोरी का सिम कार्ड अपने मोबाइल में डाला और गूगल अकाउंट खोलकर 16 जुलाई से लेकर 22 जुलाई के दौरान यूपीआई के जरिए करीब 3,90,000/- (तीन लाख नब्बे हजार रुपये) अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए।
लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी और चोरी को अंजाम देने के बाद से आरोपी इंदरजीत सिंह काम पर नहीं आया और फोन बंद करके फरार हो गया। जब पीड़ित परिवार को खाते से पैसे कटने का पता चला, तो उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर थाना सराभा नगर की पुलिस ने आरोपी इंदरजीत सिंह के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी का मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

