रवनीत बिट्टू का बड़ा दावा : अब अफसरों की बारी, मैच फिक्सिंग से लेकर रियल एस्टेट ED के रडार पर

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 11:14 AM (IST)

जालंधर (विशेष): ई.डी. की शुक्रवार को विभिन्न जगहों हुई कार्रवाई से विज्ञापन व कंस्ट्रक्शन एजैंसियों के अलावा रियल एस्टेट से जुड़े लोगों की धड़कनें तेज हो गई हैं। इसकी वजह यह है कि जो लोग ई.डी. की कार्रवाई के दायरे में आए हैं, उनके संबंध सीधे तौर पर बड़ी विज्ञापन व कंस्ट्रक्शन एजैंसियों के अलावा रियल एस्टेट कंपनियों के साथ हैं।

इनमें से विज्ञापन व कंस्ट्रक्शन एजैंसियों द्वारा सरकारी तंत्र के दम पर जमकर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है जिसमें शर्तों की आड़ में गलत तरीके से करोड़ों के टैंडर हासिल करने का मामला मुख्य रूप से शामिल है।

उक्त विज्ञापन व कंस्ट्रक्शन एजैंसियों द्वारा अफसरों पर दबाव बनाकर रैवेन्यू को चुना लगाने के नए रिकार्ड कायम किए गए हैं जिसके तहत अकेली विज्ञापन कंपनी द्वारा अपनी सुविधा के हिसाब से एग्रीमैंट करने के बाद उनमें लगातार बदलाव करके हर साल करोड़ों की कमाई की गई है। इसी तरह कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा पी.डब्ल्यू.डी., नगर निगम व नेशनल हाईवे तक के प्रोजैक्टों के बडे टैंडर काफी कम लैस पर हासिल किए गए हैं जिसके लिए एस्टीमेट से लेकर बिल बनाने का काम गाइडलाइन से ज्यादा कंपनी की मनमानी से हो रहा है। 

इससे भी बढ़कर रियल एस्टेट कंपनियों की चर्चा हो रही है जिनके द्वारा एक के बाद एक प्रोजैक्ट लांच किए जा रहे हैं। इनमें बी.आर.एस. नगर में ओरिएंट सिनेमा के नजदीक, हंबड़ां रोड, हवास व बद्दोवाल के प्रोजैक्ट शामिल हैं जिसके लिए काफी कम रेट पर जगह लेकर करोड़ों के हिसाब से यूनिट बेचे गए हैं जिन्हें लेकर ई.डी. की जांच के दौरान बड़े खुलासे होने की संभावना है।

मैच फिक्सिंग के धुरंधरों की बढ़ गई मुश्किलें

ई.डी. की कार्रवाई से मैच फिक्सिंग के धुरंधरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इनमें लुधियाना व जालंधर के दिग्गज शामिल हैं, जो इंटरनैशनल लैवल पर मैच फिक्सिंग के लिए जाने जाते हैं। इनके नाम महादेव एप के मामले में भी आ चुके हैं लेकिन शेयर मार्कीट व रियल एस्टेट की आड़ में सफेदपोश बनकर घूम रहे हैं जिसकी आड़ में ब्लैक मनी को एडजस्ट करने की बात कही जा रही है। अब उनके नाम विदेशों में काला धन ट्रांसफर करने के लिए राडार पर आए हैं।

अब आएगी अफसरों की बारी : बिट्टू

पंजाब में हुई ई.डी. की कार्रवाई को लेकर केंद्रीय रवनीत बिट्टू ने कहा है कि जो भी ऑफिसर ‘आप’ के बड़े नेताओं के साथ मिलकर गलत काम कर रहे हैं, उन्हें सचेत रहना चाहिए क्योंकि अब उनकी बारी आएगी जिसका सबूत लैंड पुलिंग की आड़ में किसानों की कई हजार एकड़ जमीन कौड़ियों के हिसाब से लेकर महंगे रेट पर बिल्डरों को देने के लिए बनाई योजना के रूप में सामने आ चुका है, जिस पर हाईकोर्ट द्वारा रोक लगा दी गई है और अब केंद्रीय एजेंसियां इस संबंध में कार्रवाई करने जा रही हैं।

बिट्टू ने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी द्वारा ई.डी. की कार्रवाई को भाजपा की तरफ से की गई राजनतिक बदलाखोरी बताया जा रहा है तो पंजाब में पुलिस या विजिलेंस द्वारा दूसरी पार्टियों या किसी भी गैंगस्टर व नशा तस्करों पर किए जा रहे एक्शन को जाली केस के रूप में देखना चाहिए।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News