जल्दी ही मिल सकता है जिले को फुल टाइम DTO
punjabkesari.in Tuesday, Feb 07, 2017 - 09:31 AM (IST)

जालंधर(अमित): जालंधर जिले को जल्दी ही एक फुल टाइम डी.टी.ओ. मिलने की उम्मीद जगी है क्योंकि इस संबंध में फाइल परिवहन विभाग के पास विचाराधीन है और इस बात की प्रबल संभावना जताई जा रही है कि जल्दी ही इसको लेकर कोई फैसला किया जा सकता है। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पूरे प्रदेश के अधिकारियों व कर्मचारियों की व्यस्तता के चलते डी.टी.ओ. की नियुक्ति को लेकर कोई फैसला नहीं लिया जा सका था, मगर परिवहन विभाग के सूत्रों की मानें तो जालंधर जैसे जिले में बिना फुल टाइम डी.टी.ओ. के आम जनता को पेश आने वाली परेशानियों के साथ-साथ विभागीय कामकाज में आ रही दिक्कतों को देखते हुए इस बारे जल्दी ही फैसला लिए जाने की संभावना है। यहां बताने लायक है कि भारतीय चुनाव आयोग के पास भेजी गई एक शिकायत मेंं शिकायतकत्र्ता राजेंद्र बेरी ने एस.डी.एम. मजीठा कम आर.ओ. दमनजीत सिंह मान जिसके पास बतौर डी.टी.ओ. जालंधर का एडीशनल चार्ज था, पर यहां के ट्रांसपोर्टरों को प्रभावित करने की आशंका जताई थी क्योंकि वह यहां बतौर सैक्रेटरी आर.टी.ए. भी अपनी सेवाएं प्रदान कर चुके हैं। शिकायतकर्त्ता का कहना था कि डिप्टी सी.एम. के साले बिक्रम सिंह मजीठिया विधानसभा हल्का मजीठा से चुनाव लड़ रहे हैं, इसलिए दमनजीत सिंह मान से बतौर डी.टी.ओ. जालंधर का एडीशनल चार्ज वापस लिया जाए, जिसके बाद भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार उनसे बतौर डी.टी.ओ. जालंधर का अतिरिक्त चार्ज वापस ले लिया गया था।
कौन होगा जिले का अगला DTO, असमंजस बरकरार
दमनजीत सिंह मान से चार्ज वापस लिए जाने के बाद जिले का अगला डी.टी.ओ. कौन होगा इसे लेकर असमंजस की स्थिति बरकरार है। जालंधर जैसे अति महत्वपूर्ण जिले में बतौर डी.टी.ओ. अपनी नियुक्ति करवाने के इच्छुकों की कोई कमी नहीं है मगर फिलहाल यह तय नहीं है कि किस की किस्मत खुलेगी और किसे डी.टी.ओ. नियुक्त किया जाएगा। कुछ समय पहले मौजूदा ए.डी.टी.ओ. प्यारा सिंह की बतौर डी.टी.ओ. नियुक्ति किए जाने की खबर उड़ी थी मगर उन्हें अभी तक बतौर डी.टी.ओ. फुल चार्ज नहीं मिल सका है। वहीं दूसरी तरफ बतौर डी.टी.ओ. काफी लंबे समय तक अपनी सेवाएं प्रदान कर चुके आर.पी. सिंह जो मौजूदा समय में बतौर सैक्रेटरी आर.टी.ए. तैनात हैं, उन्हें भी डी.टी.ओ. का अतिरिक्त चार्ज दिए जाने की चर्चा काफी जोर-शोर से चलती आ रही है। कुछ समय पहले तो उनके नाम की नेम-प्लेट तक डी.टी.ओ. दफ्तर में लगाए जाने और उनको चार्ज मिलने की खुशी में कर्मचारियों को बर्फी बांटे जाने तक की खबरें आई थीं। इस सब के बीच डी.टी.ओ. का चार्ज किसे मिलता है यह तो आने वाला समय ही बताएगा, मगर तब तक पूरे डी.टी.ओ. कार्यालय में लगातार कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म बना हुआ है।