पंजाबवासियों के लिए राहत भरी खबर, सरकार जल्द करने जा रही ये काम..
punjabkesari.in Saturday, Jun 28, 2025 - 04:05 PM (IST)

मोहाली: पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को मोहाली स्थित आर.टी.ओ. कार्यालय और सेक्टर-82 स्थित ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का अचानक दौरा किया और कार्यालय में हो रहे कार्यों का जायज़ा लिया।
उन्होंने कहा कि जल्द ही आर.टी.ओ. कार्यालयों की सभी सेवाएं ऑनलाइन कर दी जाएंगी, ताकि लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने की बजाय घर बैठे ही ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिल सके। परिवहन मंत्री ने आर.टी.ओ. कार्यालय में पब्लिक काउंटरों पर जाकर कर्मचारियों से किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली, साथ ही कार्यालय में काम करवाने आए लोगों से भी बातचीत कर उनकी परेशानियों के बारे में जाना। इस मौके पर लोगों ने आर.टी.ओ. कार्यालय के कार्य, अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने के लिए अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। भुल्लर ने कहा कि सरकार प्रशासनिक सुधार और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
परिवहन मंत्री ने टैक्स कलेक्शन प्रणाली की भी जांच की और कहा कि जिन लोगों ने टैक्स नहीं भरा है या जिनके दस्तावेज अधूरे हैं, उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आर.टी.ओ. कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच भी की, जो कि 100 प्रतिशत पाई गई। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को यह निर्देश भी दिए कि जो लोग परिवहन से संबंधित कार्य करवाने के लिए आते हैं, उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा आर.टी.ओ. कार्यालय की कई सेवाएं पहले ही ऑनलाइन की जा चुकी हैं और बाकी बची हुई सेवाएं भी जल्द ही ऑनलाइन कर दी जाएंगी। मंत्री ने वहां स्थित ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मोहाली का नया ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक अत्याधुनिक "हेम्स" तकनीक से तैयार किया गया है, जिसके चलते कोई भी व्यक्ति किसी अन्य के स्थान पर ड्राइविंग टेस्ट नहीं दे सकता। यह पूरा ट्रैक सीसीटीवी कैमरों से लैस है, जिससे दो पहिया और चार पहिया वाहनों का परीक्षण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाता है। इसमें चार पहिया वाहनों की पास दर 40% और दो पहिया वाहनों की पास दर 82% रही है। उन्होंने कहा कि इस नई तकनीक से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। भविष्य में यह तकनीक पूरे पंजाब के सभी टेस्ट ट्रैकों पर लागू की जाएगी। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल, आर.टी.ओ. राजपाल सिंह सेखों, जिला योजना बोर्ड की चेयरपर्सन प्रभजोत कौर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।